सोनभद्र नरसंहार पीड़ितों से मिले योगी

प्रियंका गांधी ने कहा, देर से सही आपको उनकी याद तो आई

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नरसंहार पीड़ितों को लेकर मजबूत स्टैंड लेने और २६ घंटे हिरासत में रहने के बाद उनसे मिलने के एक दिन बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सोनभद्र पहुंचे और पीड़ितों से मिले। प्रियंका को योगी प्रशासन ने सोनभद्र जाने से रोक दिया था। अब प्रियंका गांधी ने योगी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि देर से ही सही आपको पीड़ितों की याद तो आई। सीएम ने आज कहा आरोपियों पर एनएसए के तहत मामला चलेगा।
मुख्यमंत्री योदी आदित्यनाथ ने हत्याकांड के पीड़ित परिवार वालों से मुलाकात की। गौरतलब है कि सोनभद्र के उम्भा गांव में १७ जुलाई को जमीन के विवाद में १० लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। योगी ने सोनभद्र में जिम्मेदार पुलिसवालों को सस्पेंड करने के आदेश दिए। उन्होंने हत्याकांड में जान गंवाने वाले  लोगों के परिवारवालों को साढ़े १८ लाख रुपये (प्रत्येक) की आर्थिक मदद जबकि घायलों को ढाई लाख के मुआवजे का ऐलान किया।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी को जब सोनभद्र जाने से प्रशासन ने रोक दिया था  हिरासत में ले लिया था, तो नरसंहार के पीड़ित १७ लोग खुद उनसे मिलने मिर्जापुर आ पहुंचे थे। वे प्रियंका से मिलकर खूब रोये थे और कांग्रेस नेता ने उन्हें ढांढस बंधाया था।
योगी आदित्यनाथ से पहले कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची थी लेकिन उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद वो धरने पर बैठ गई थीं और शनिवार को २४ घंटे बाद धरना तब खत्म किया था जब पीड़ित उनसे मिल लिए। प्रियंका ने उन्हें हरसंभव मदद का वादा भी किया था। माना जाता है कि प्रियंका की इस राजनीति ने योगी सरकार को दवाब में ला दिया।
इस मामले में अब तक २९ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और चार अधिकारी भी निलंबित किये गए हैं। आज फिर मुख्यमंत्री योगी ने सोनभद्र नरसंहार के लिए कांग्रेस को ”जिम्मेदार” ठहराया। यह भी कहा कि आरोपी सपा का नेता है।