सुजीत ठाकुर, नई दिल्ली
‘कहानियों का पता हो सकता है लेकिन भावनाओं की कोई सीमा नहीं होती है’। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विचार को ध्यान में रखते हुए इस बार गोवा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (2026) का थीम “सीमाओं से परे कहानियां” तय किया गया है।
57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होगा। सीमाओं से परे कहानियां विषय वस्तु के साथ आयोजित होने वाला यह फिल्म महोत्सव पूरी दुनिया के फिल्मकारों, सिनेमा प्रेमियों और रचनात्मक प्रतिभाओं को एक साथ लाएगा।
महोत्सव में 137 देशों से 1,900 से अधिक फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं जो इसकी बढ़ती वैश्विक पहुंच को दर्शाता है। महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद, विविध कहानी-कथन और सिनेमाई उत्कृष्टता को जीवंत मंच उपलब्ध कराएगा।
सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार ने इफ्फी के विकास को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने के साथ ही सिनेमाई उत्कृष्टता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विविध आवाजों के बीच संवाद प्रोत्साहित करने के प्रमुख मंच के रूप में रेखांकित करते हुए कहते हैं कि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विचार को याद किया कि कहानियों का पता हो सकता है, लेकिन भावनाओं की कोई सीमा नहीं होती। चंचल कुमार ने इस विचार को विस्तार देते हुए इफ्फी की इस वर्ष की विषय वस्तु सीमाओं से परे कहानियां पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सिनेमा किस प्रकार भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक बाधाओं को पार कर सकता है। उन्होंने भारत की समृद्ध कहानी-प्रस्तुतिकरण परंपराओं का भी उल्लेख किया, जो विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों में व्याप्त है।
फिल्म महोत्सव का उद्घाटन पावेल पावलिकोव्स्की के निर्देशन में बनी फिल्म फादरलैंड से होगा। इसमें नोबेल पुरस्कार विजेता थॉमस मान और उनकी बेटी एरिका की यात्रा को दर्शाया गया है। वर्ष 1949 में युद्ध के बाद विभाजित जर्मनी की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म उस दौर के राजनीतिक और व्यक्तिगत विभाजनों को उजागर करती है। इस फिल्म को 2026 के कान फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है और इसे 2026 के सिडनी फिल्म पुरस्कार के लिए भी नामांकित किया गया।
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 में अलिना शेरबान निर्देशित फिल्म आई मैटर मध्य-महोत्सव फिल्म के रूप में प्रदर्शित की जाएगी। 101 मिनट की यह फिल्म रोमानिया, जर्मनी और बेल्जियम के संयुक्त निर्माण में बनी है। फिल्म में रोमानियाई और रोमानी भाषाओं में संवाद हैं जो महोत्सव में यूरोपीय सिनेमा का विविध दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी।
गाला प्रीमियर खंड में 87 देशों की भागीदारी के साथ 14 स्क्रीनिंग होगी। इस खंड में चुनी हुई फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी जिससे दर्शकों को सिनेमा की विविध कहानियों और उत्कृष्ट फिल्मों का अनुभव मिलेगा। भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव – इफ्फी में स्पेन सम्मानित देश के रूप में शामिल है। महोत्सव में स्पेन की चार फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें जैमे लोरेंटे के निर्देशन में बनी द बैड सन, , पेद्रो अल्मोदवार के निर्देशन में त्रिनिदाद; बिटर क्रिसमस और जैमे माचिया के निर्देशन में बनी पर्सेगुइएंदो अ माइकल शामिल हैं। इन फिल्मों का चयन स्पेनिश सिनेमा और कहानी कहने की उसकी विविध परंपरा को दर्शाता है। इनके माध्यम से स्पेनिश फिल्मकारों और उनकी सिनेमाई दृष्टि को इफ्फी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी में रूस साझेदार देश के रूप में शामिल है। इसमें रूसी सिनेमा की विविधता और रचनात्मक समृद्धि दर्शाने वाली चार फिल्मों की विशेष प्रस्तुति होगी। इन फिल्मों में अनास्तासिया कुजिना के निर्देशन में बनी फोर, न्यू होम , बो बो तथा सिडनी ल्यूमेट्स बर्थडे शामिल हैं। इस विशेष प्रस्तुति द्वारा भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को समकालीन रूसी फिल्म निर्माण से परिचित होने, वहां के बदलते सिनेमाई परिदृश्य को समझने तथा सिनेमा के माध्यम से भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक और कलात्मक आदान-प्रदान को सराहने का अवसर मिलेगा।
57वें इफ्फी 2026 का एक अन्य प्रमुख आकर्षण ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष ध्यान देना होगा।ब्रिक्स खंड की शुरुआत भारत की फिल्म रामायण से होगी। इस खंड में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों की फिल्मों के साथ ही भागीदार देशों की फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। इन फिल्मों के द्वारा दर्शकों को ब्रिक्स देशों की विविध सिनेमाई परंपराओं, सांस्कृतिक दृष्टिकोण और कहानी-कथन की शैलियों को समझने का अवसर मिलेगा।
इंडियन पैनोरमा खंड के अंतर्गत कुल 76 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। 18 अलग-अलग भाषाओं में ये फिल्में भारत की विविध कहानी-कथन परंपराओं और रचनात्मक उत्कृष्टता प्रदर्शित करेंगी।
चयन प्रक्रिया के दौरान फीचर फिल्म श्रेणी में 404 फिल्में प्राप्त हुईं, जबकि गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में 358 प्रविष्टियां मिली हैं।
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) श्रेणी में 46 पात्र प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। इंडियन पैनोरमा खंड की शुरूआत हिंदी फीचर फिल्म धुरंधर और लद्दाखी भाषा की गैर-फीचर फिल्म बिकमिंग से होगी। दो अलग-अलग भाषाई और सिनेमाई पृष्ठभूमि की इन फिल्मों का चयन भारत की विविध कहानी-कथन परंपराओं को सम्मान देने और सीमाओं से परे सिनेमा की अवधारणा को आगे बढ़ाने की इफ्फी की सोच को दर्शाता है।




