शीला दीक्षित दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष

सुक्खू की जगह राठौड़ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बनाये

एक अहम् फैसले में कांग्रेस ने तीन बार की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस की कमान सौंप दी है। उनके अलावा तीन कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाये गए हैं। उधर कुलदीप सिंह राठौड़ को हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया है। कांग्रेस मीडिया सेल के इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला को पार्टी ने हरियाणा के जींद में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी बनाया है।
पूर्व सीएम शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस की कमान ऐसे मौके पर सौंपी गयी है जब यह चर्चा है की कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ चुनाव गठबंधन कर सकती है हालाँकि अभी तक यही माना जाता रहा है कि दीक्षित को अध्यक्ष बनाया गया तो लोगों में उनकी लम्बे समय तक रही विकास के नेता वाली छवि, अनुभव और लोकप्रियता को देख पार्टी अपने बूते दिल्ली में लोक सभा चुनाव में उतर सकती है।
दीक्षित को अध्यक्ष बनाने के अलावा देवेंद्र यादव, राजेश लिलोथिया और हारून यूसुफ को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कुछ रोज पहले ही अपने पद से इस्तीफा दिया था। अपने नाम के ऐलान के बाद शीला दीक्षित ने कहा -”मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं कि पार्टी ने मुझे यह मौका दिया है।”
उधर पार्टी ने अनुभवी नेता कुलदीप सिंह राठौड़ को हिमाचल कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है। उन्हें सुखविंदर सुक्खू की जगह अध्यक्ष बनाया गया है। इस तरह पार्टी ने निचले और ऊपरी हिमाचल का तालमेल बनाया है। वहां पार्टी के विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री निचले हिमाचल से हैं जबकि सुक्खू भी उसकी क्षेत्र से थे। अब राठौड़ को अध्यक्ष बनाकर ऊपरी हिमाचल को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।