वियना आतंकी हमले पर ट्रंप और मोदी ने गहरा शोक जताया

वियना में सोमवार शाम हुए आतंकी हमले पर अमेरिका और भारत ने गहरा शोक जताया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कट्टरवादी इस्लामिक आतंकियों से जंग में वह यूरोप के साथ हैं, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत दोस्त ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है।

बता दें इन हमलों में 7 लोगों की मौत हो गयी थी। वियना में हमलावरों ने कई स्थानों पर गोलीबारी करके इन लोगों की हत्या कर दी। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्री कार्ल नेहमर ने कहा कि गोलीबारी आतंकवादी हमला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट करके ऑस्ट्रिया में हुए आतंकी हमले पर शोक जाहिर किया है। पीएम ने ट्वीट करके कहा – ‘दुख की इस घड़ी में भारत अपने दोस्त ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है’। मोदी ने कहा कि वे वियना में हुए आतंकी हमले से गहरे सदमे और दुख में हैं। संकट की इस घड़ी में भारत की जनता ऑस्ट्रिया के साथ खड़ी है और उनकी संवेदनाएं मारे गए लोगों के परिवार वालों के साथ हैं।

उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वियना हमले की कड़ी निंदा करते हुए एक ट्वीट में कहा – ‘हमारी संवेदनाएं लगातार आतंकी अटैक झेल रहे यूरोप के लोगों के साथ हैं। बेगुनाह लोगों के खिलाफ ये हमले बंद किए जाने चाहिएं। अमेरिका कट्टरवादी इस्लामिक आतंकियों के खिलाफ इस जंग में अपने सहयोगियों ऑस्ट्रिया, फ्रांस और पूरे यूरोप के साथ खड़ा है’।

सोमवार शाम को वियना में हमलावरों ने कई स्थानों पर गोलीबारी करके 7 लोगों की हत्या कर दी थी। इससे पहले फ्रांस के दक्षिणी शहर नीस और पेरिस में चाकू से हमला कर 4 लोगों की हत्या कर दी गई थी। वियना घटना पर  फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उनका देश ऑस्ट्रियाई लोगों के दुख की घड़ी में उनके साथ है और हम झुकेंगे नहीं।