लॉकडाउन में क्या कर रहे फिल्मी सितारे?

पूरे देश में लॉकडाउन के चलते फिल्मी सितारे भी अपने-अपने घरों में ही खाली बैठे हैं। लेकिन ऐसे में कई सितारों ने मदद के लिए अपने हाथ बढ़ा दिये हैं। ये सितारे न केवल लोगों की मदद कर रहे हैं, बल्कि पैसे वालों से गरीबों की मदद की अपील भी कर रहे हैं। बड़े सितारों की मदद करने की पहल के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन कुछ सितारे ऐसे भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। वहीं, कुछ सितारे ऐसे भी हैं, जो राजनीति या कहें कि साम्प्रदायिक राजनीति के पक्ष-विपक्ष में बोलकर उलझनों में फँस रहे हैं। आइए जानते हैं कि इन फिल्मी सितारों में कौन क्या कर रहा है?

मदद करते-करते आॢथक तंगी में आये प्रकाश राज

कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते देश भर में हुए लॉकडाउन के समय में गरीबों की मदद को प्रसिद्ध अभिनेता प्रकाश राज काफी दिन पहले ही अपना खजाना खोल चुके हैं। प्रकाश राज अपने फाउंडेशन के ज़रिये लगातार गरीबों की मदद कर रहे हैं। वे अब तक चुपचाप लोगों की इतनी मदद कर चुके हैं कि उन्हें खुद आॢथक तंगी ने घेरना शुरू कर दिया है। मगर उन्होंने कहा है कि चाहे उन्हें कर्ज़ लेकर गरीब और ज़रूरतमंद लोगों की मदद करनी पड़े, मगर वे उनकी मदद करने से पीछे नहीं हटेंगे। यह बात उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर कही थी। इसके अलावा उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि उनके वित्तीय संसाधन घटते जा रहे हैं, लेकिन वे लोन लेकर लोगों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि पैसा तो वह दोबारा कमा सकते हैं, मगर इंसानियत ज़िंदा रहनी चाहिए। उन्होंने बाक़ी सम्पन्न लोगों से भी कहा है कि चलिए साथ मिलकर लड़ते हैं, वापस ज़िन्दगी की ओर आते हैं। वे इन दिनों लगातार मज़दूरों, बेघरों को खाना खिलाने के साथ-साथ ज़रूरी सामान वितरित कर रहे हैं। बता दें कि प्रकाश राज अपनी साफगोई के लिए लोगों के काफी प्रिय बन चुके हैं। वह सच पर इतनी मज़बूती से टिके रहते हैं कि गलत बात पर सरकार को भी लताडऩे में कसर नहीं छोड़ते।

बड़े लोगों से मदद की अपील कर रहे राजपाल यादव

कॉमेडी रोल के लिए मशहूर राजपाल यादव पिछले काफी समय से आॢथक तंगी से गुज़र रहे हैं। अपने करियर की शुरुआत के कुछ साल बाद ही एक फिल्म के निर्माण के चलते उन पर कर्ज़ हो गया था, जिसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। लेकिन उन्होंने हिम्मत कभी नहीं हारी और लगातार कर्ज़ से उबरने के लिए संघर्ष करते रहे। लेकिन फिर भी वे लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हटते।

संतों की सेवा में उनका बहुत मन लगता है और वह हर इंसान की इज़्ज़त करते हैं। हालाँकि, अब ऐसा नहीं है कि उन्हें किसी तरह की कोई तंगी है, लेकिन इस संकट की घड़ी में वह बहुत बड़े पैमाने पर तो लोगों की मदद नहीं कर सकते। ऐसे में उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया के ज़रिये रईस लोगों से हाथ जोड़कर गरीबों और दूसरे राज्यों में फँसे लोगों की हर सम्भव मदद करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यह (मज़दूर) वर्ग ही आपकी कम्पनियों, संस्थानों को चलाने वाला है। इसलिए इस संकट के समय में इनकी दिल खोलकर मदद करें। पैसे का क्या है, पैसा तो बाद में भी आप लोग कमा लेंगे; लेकिन अगर ज़िन्दगी नहीं बचेगी, तो यह पैसा किसी काम का नहीं रहेगा।

पालघर मॉब लिंचिंग पर बिफरे फरहान अख्तर

मुम्बई के निकट पालघर ज़िले में दो साधुओं और एक ड्राइवर की मॉब लिंचिंग के बाद मौत होने पर पूरे देश में गहमागहमी शुरू हो गयी है। ऐसे में बॉलीवुड भी इससे अछूता नहीं है। इस घटना से क्षुब्ध फरहान अख्तर ने भी झट से एक ट्वीट कर डाला। उन्होंने लिखा कि वह इस हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं, जिसने तीन लोगों की ज़िन्दगी छीन ली।

उपद्रवी भीड़ की समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। फरहान के इस ट्वीट की लोग प्रशंसा कर रहे हैं। बता दें कि अभिनेता फरहान अख्तर अपनी साफगोई और बेबाक विचारों के लिए जाने जाते हैं। फरहान के बारे में कहा जाता है कि वह किसी भी गलत बात को बर्दाश्त नहीं करते। पिछले दिनों उन्होंने सीएए (नागरिकता कानून) का जमकर विरोध किया था, जिसके चलते वे सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए थे और एक आईएएस अधिकारी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की माँग भी की थी, लेकिन फरहान अपनी बात पर अडिग रहे।

थाने तक पहुँची अनुराग कश्यप और अशोक पंडित की बहस

पालघर की घटना को लेकर बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप और प्रोड्यूसर अशोक पंडित भिड़ गये। दोनों की इस भिड़ंत का कारण अनुराग कश्यप का एक ट्वीट रहा। दरअसल, अनुराग कश्यप ने पालघर की घटना को लेकर एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुद्दे को धार्मिकता से न जोड़ें। इस ट्वीट पर टिप्पणी करते हुए अशोक पंडित ने कहा कि इस मॉब लिंचिंग में शोएब नाम का व्यक्ति शामिल है। इसके बाद दोनों में ट्वीटर पर इस कदर बहस बढ़ी कि अनुराग कश्यप ने अशोक पंडित के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत कर दी। अब इन दोनों लोगों की लड़ाई का अंजाम क्या होगा, नहीं मालूम। लेकिन इतना बता दें कि फिल्मी दुनिया के लोग भी आम जीवन में आम लोगों की तरह खट्टी-मीठी तकरार करते रहते हैं।