राहुल रावण, प्रियंका शूर्पनखा: भाजपा विधायक

भाजपा नेताओं के प्रियंका पर व्यक्तिगत हमले जारी

भाजपा नेताओं के कांग्रेस की महासचिव बनाईं गईं प्रियंका गांधी पर मर्यादाहीन ब्यान जारी हैं। अब योगी के विधायक सुरेंदर सिंह ने बेहद आपत्तिजनक बयान में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ”रावण” और उनकी बहन प्रियंका गांधी को ”सूर्पणखा” कह दिया है।

सुरेंदर सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के बैरिया से भाजपा विधायक हैं। भाजपा विधायक ने अपने विवादित ब्यान में कहा – ”राम-रावण युद्ध हुआ था तो उससे पहले रावण ने शूर्पनखा को भेजा था। उसी तरह राहुल ने लोकसभा चुनाव से पहले बहन को मैदान में उतारा है।”

प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री के बाद भाजपा में जबरदस्त हलचल है लिहाजा पार्टी के नेता प्रियंका के ऊपर भद्दी टिप्णियों से भी बाज नहीं आ रहे हैं। वे लगातार राहुल और प्रियंका पर ऐसे बयान दे रहे हैं। अब भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने सारी हदें पार करते हुए कहा कि कांग्रेस टूटी हुई नौका हो गई है। वह तो केवल एससी एसटी एक्ट के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत गई, नहीं तो उसे कहीं भी चंदन नहीं लगने वाला है।

सुरेंद्र ने विवादित बयान में कहा – ”लोकसभा चुनाव में राहुल रावण के रोल में होगा और मोदी राम के रूप में। कहा कि अब बहन आ गई है तो रॉबर्ट वाड्रा गांधी बहनोई को भी उतार लीजिए। गांधी की टाइटल रूपी टोपी मिल गई है जो लगा ले वही गांधी बन जाएगा।”

यहीं नहीं रुके सुरेंदर। उन्होंने कहा – ”कांग्रेस टूटी हुई नौका हो चुकी है। वो तो केवल एससी-एसटी एक्ट के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत गई। नहीं तो उसे कहीं भी चंदन लगने वाला नहीं था। जब राम और रावण का युद्ध होने वाला था तो रावण ने पहले अपनी बहन को भेजा था। लगता है राहुल भी रावण के रूप में होगा और राम के रूप में तो मोदी दुनिया में भारत का पताका फहरा ही रहे हैं। राम की भूमिका में मेरा मोदी है और रावण के रूप में राहुल है। अब वो शूर्पणखा के रूप में अपनी बहन को उतारा है तो मान के चलिए कि लंका विजय हो गया।”

भाजपा विधायक ने कहा कि सभी विपक्षी दल चाहे कितने भी एक हो जाए, परंतु इनमें आपसी लड़ाई जारी है। योगी सरकार ने प्रत्येक वर्ग के लिए काम किया है। आजादी के बाद पहली बार सबसे अधिक गन्ना भुगतान भी योगी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि विदेशों में भारत का सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने बढ़ाया है।