यूपी हिन्दू महासभा अध्यक्ष बच्चन की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश में क़ानून व्यवस्था की पोल एक बार फिर तब खुल गयी जब रविवार सुबह  लखनऊके एक व्यस्त इलाके में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत बच्चन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी हत्या तब की गई जब सुबह की सैर करते हुए उन्हें बाइक पर आये बदमाशों ने गोली मार दी। उनके भाई भी गोलियों से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह घटना तब घटी है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के चुनाव प्रचार में गए हैं।

जानकारी के मुताबिक यह घटना पॉश हजरतगंज इलाके की है। रणजीत  हजरतगंज इलाके की ओसीआर बिल्डिंग के बी ब्लॉक में रहते थे। सीडीआरआई के पास बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इस घटना में उनके भाई के हाथ में भी गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में एडमिट किया गया है।

बाइक पर आये बदमाशों ने रणजीत बच्चन के सिर पर कई गोलियां मारीं। बदमाश गोलियां मार कर भाग गए।  वे कौन लोग थे, इसकी जानकारी अभी तक नहीं है। यह भी पता नहीं कि इस घटना के पीछे कोइ व्यक्तिगत रंजिश है या और कोइ कारण है।

पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए चार टीमें गठित की गयी हैं। यह टीमें उनकी  पार्टी से जुड़ी गतिविधियों, उनके सोशल मीडिया अकाउंट, उनके घर आने-जाने वालों की जानकारी जुटाने के आलावा उनके परिजनों से बात करेंगी।

किसी जमाने में गोरखपुर जिले के गोला के अहरौली पंचगांवा में रहने वाले रंजीत बच्चन साइकिलिंग के शौकीन थे और करीब १८ साल पहले उन्होंने एक सहयोगी के साथ साइकिल यात्रा की थी जो भारत, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल और बर्मा के बॉर्डर तक करीब सवा लाख किलोमीटर करीब सात साल तक चली थी। बाद में अपनी इस सहयोगी के साथ उन्होंने विवाह भी किया। यह भी कहा जाता है कि रणजीत फिल्म कलाकार अमिताभ बच्चन के बहुत बड़े प्रशंसक थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाअधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कातिलों की तलाश की जा रही है। राजधानी के सबसे व्यस्त इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई है। सुबह-सुबह हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है।