भारत में कोरोना के २८२ मामले  

भारत में कोरोना वायरस के २८२ मामले हो गए हैं जबकि २३ (अभी तक कुल ३०९ पॉजिटिव में से) मरीज स्वस्थ हुए हैं। दिल्ली सरकार ने कहा है कि यदि जरूरत हुई तो पूरा लॉक डाउन घोषित किया जा सकता है। यूपी सरकार ने अयोध्या की यात्रा पर रोक लगा दी है। भारत में अब तक ४ लोगों की मौत हुई है और सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में हैं। दुनिया भर में कोरोना से अब तक ११,३९५ लोगों की जान गयी है जबकि ६६,९०७ रोग से रिकवर कर चुके हैं।

भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट कोविडआउट.इन (covidout.in) के अनुसार कोरोना वायरस के शनिवार शाम ७.२५ बजे तक ३०९ पॉजिटिव मामले (३० जनवरी से २१ मार्च तक) आए हैं जिनमें २८२ अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें एक भी मरीज आईसीयू में नहीं है जबकि २३ रिकवर कर चुके हैं और ४ की मौत हुई है।

सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं जहाँ ६४ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

पूरी दुनिया में अब तक ११,३९५ लोगों की मौत हुई है जबकि २,७०,९७१ लोग इससे संक्रमित हैं। अभी तक ६६,९०७ लोग वायरस से मुक्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा कोरोना मौतें इटली में हुई हैं जहाँ अब तक ४,०३२ जबकि चीन में ३,२५५ इस वायरस के शिकार हुए हैं। ईरान में १,५६६ और स्पेन में १,००२ जबकि अमेरिका २४९ और फ्रांस में ४५०  लोगों की जान गयी है। इंग्लैंड में १७८, नीदरलैंड्स में १०६, जर्मनी में ४८, स्विट्जरलैंड में ४३, बेल्जियम में ३७, स्वीडन में १६, जापान में ३५, इंडोनेसिया में  ३८ लोगों की जान गयी है।

भारत में संक्रमितों के संपर्क में आने वाले ६,७०० से ज्यादा लोगों को कड़ी निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार देशभर में आज से १११ लैब में कोरोना वायरस का टेस्ट होगा। देश में भारतीय और अन्य देश के १६०० लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इटली के रोम से २६२ लोगों को भारत वापस लाया जा रहा है। इन्हें क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। इनमें से अधिकतर छात्र हैं।

इस बीच सिंगर कनिका कपूर को पॉजिटिव पाया गया है और कहा गया है कि उन्हें एयरपोर्ट पर ही पॉजिटिव पाया गया था लेकिन वे फिर भी पार्टी में शामिल हुईं जिसके बाद उनपर केस दर्ज किया गया है। उनके संपर्क में आये पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया, उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह, यूपी के मंत्री सहित काफी लोग हालांकि कोरोना नेगेटिव पाए गए हैं।