भाजपा विधायक को सपना का करारा जवाब 

सोनिया और उन्हें लेकर की थी डांसर वाली अपमानजनक टिप्पणी 

सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल होने को लेकर भले दुविधा में हों, भाजपा के एक विधायक के सोनिया गांधी और उनके (सपना) को लेकर अपमानजक बयान पर उन्होंने (सपना ने) ट्वीट कर कहा कि ”शायद उनकी संस्कृति महिलाओं का अपमान करने की है”।
सपना ने कहा – ”राहुल गांधी मेरे बड़े भाई की तरह हैं लेकिन भाजपा के इस विधायक के सस्ते विचार ने मुझे हैरान कर दिया है। एक राष्ट्रीय पार्टी के विधायक का बयान बेहद अपमानजनक और निंदनीय है। महिलाओं का अपमान करना क्या उनकी संस्कृति है”?
दरअसल यूपी के इन भाजपा विधायक सुरिंदर सिंह ने डांसर वाली बेहद अपमानजनक टिपण्णी की थी। इसमें उन्होंने कहा था – ”राहुलजी भी अपनी कुल  परंपरा को आगे बढ़ाएं यह अच्छी बात है। उनकी माताजी भी इटली में इसी पेशे से थीं, आज उन्होंने सपना को भी अपना बना लिया। मैं तो धन्यवाद दूंगा राहुलजी को कि जैसे आपके पिताजी ने सोनिया गांधी को अपना बना लिया, आप भी आज भारत की राजनीति में सपना को अपना बनाकर राजनीति की नई पारी की शुरुआत करें। इसके लिए आपको साधुवाद।”
भाजपा विधायक की यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और मशहूर डांसर सपना चौधरी पर की गई इस अपमानजनक टिप्पणी ने राजनीतिक दलों ही नहीं सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सुरिंदर सिंह की आलोचना का अवसर दे दिया। जब सुरेंद्र सिंह ने यह विवादित बयान दिया उस वक्त तक सपना के कांग्रेस में शामिल होने की खबर फ़ैल चुकी थी। हालाँकि, बाद में सपना ने कांग्रेस में शामिल नहीं होने की बात कही है।
सुरिंदर सिंह के बयान पर सपना ने ट्वीट कर जवाब दिया और लिखा कि राहुल गांधी  उनके बड़े भाई जैसे हैं। ”भाजपा के इस विधायक के सस्ते विचार ने मुझे हैरत में डाल दिया है। विधायक का बयान बेहद अपमानजनक और निंदनीय है और महिलाओं का अपमान करना क्या उनकी संस्कृति है ?”
आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने भी भाजपा विधायक को इस अपमानजनक ब्यान के लिए कोसा – ”यदि आपकी सोनिया गांधी के साथ प्रतिद्वंदिता है, तो चुनाव लड़कर जीतें। आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए आप क्यों इतना नीचे गिर गए हैं?
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने भी ट्वीट किया – ”हमें ऐसे गंदे दिमागों को साफ करने के लिए फिनाइल कीटाणुनाशक के एक विशेष ब्रांड की ज़रुरत है। जब एक सत्तारूढ़ दल के विधायक के पास इस तरह के कचरे को बोलने के लिए दुस्साहस है, तो आपको पता होना चाहिए कि इसे शीर्ष से मंजूरी दी गई है।” भाजपा के यह विधायक सुरिंदर सिंह पहले भी अपमानजनक और विवादित टिप्णियां करते रहे हैं।