बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने शादी की

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने शुक्रवार को अपने साथी खिलाड़ी परुपल्ली कश्यप से शादी कर ली। पहले यह कहा जा रहा था कि वे १६ दिसंबर को विवाह करेंगे। लेकिन इससे दो दिन पहले ही उन्होंने अचानक शादी कर ली। कश्यप भारतीय बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ी रहे हैं।
जिस खामोशी से साइना नेहवाल बैडमिंटन की सीढ़ियां चढ़ीं उसी खामोशी से उन्होंने आज विवाह भी रचा लिया। उनकी शादी बहुत सादे तरीके से हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साइना ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने इसीमें अपने विवाह की जानकारी भी दी।
पहले रिपोर्ट्स आईं थीं कि साइना का विवाह १६ दिसंबर के लिए तय है। हालाँकि आज उनहोंने अपने ट्विटर हैंडल पर परुपल्ली कश्यप के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा – बेस्ट मैच आॅफ माय लाइफ, जस्ट मैरीड। इस तरह साइना ने तय तारीख से दो दिन पहले ही अचानक शादी कर पूरे देश को चौंका दिया है। अभी यह साफ़ नहीं हुआ है कि  साइना ने १६ दिसंबर की तय तारीख की जगह १४ दिसंबर को ही गुपचुप तरीके से क्यों शादी की।