बच्चों को बंधक बनाने के आरोपी बाबा नित्यानंद के खिलाफ केस दर्ज

बच्चों को बंधक बनाकर अपने अनुयायियों से चंदा जुटाने का काम करवाने के आरोपी स्वयंभू बाबा नित्यानंद के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नित्यानंद की दो शिष्याओं साध्वी प्राण प्रियनंदा और प्रियतत्व रिद्धि किरण को गिरफ्तार किया है।

नित्यानंद की दोनों शिष्याओं पर चार बच्चों का अपहरण, फ्लैट में बंधक बनाकर रखने और बाल मजदूरी करवाने का आरोप है। पुलिस ने जिस नित्यानंद के खिलाफ मामला दर्ज किया है उसके खिलाफ आरोप है कि उसने अहमदाबाद स्थित आश्रम के   संचालन के लिए बच्चों को बंधक बनाकर अपने अनुयायियों से चंदा जुटाने का काम करवाया।  इसके अलावा, पुलिस ने नित्यानंद की दो शिष्याओं साध्वी प्राण प्रियनंदा और प्रियतत्व रिद्धि किरण को भी गिरफ्तार किया है।

अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस के मुताबिक एक फ्लैट और योगिनी सर्वज्ञपीठम आश्रम से चार बच्चों को मुक्त कराया गया था। इनके बयान दर्ज के आधार पर नित्यानंद के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, आश्रम से छुड़ाए गए नौ और दस साल के बच्चों ने बताया कि उन्हें यातनाएं दी जा रही थीं और बाल श्रमिक के तौर पर उनसे काम करवाया जा रहा था।

इन बच्चों का आरोप है कि उन्हें फ्लैट में दस दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इन आरोपों के बाद नित्यानंद की दोनों शिष्याओं को गिरफ्तार किया गया। फ्लैट से मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है, जो उनके परिजनों का पता लगा रही है।