बंगाल की खाड़ी में ‘चक्रवाती तूफान’ की आशंका, पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना

इस बार मौसम ने खूब खेल खेला है। बरसात का मौसम कब का चला गया, लेकिन बरसात है कि रुक नहीं रही। अब मौसम विभाग ने अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी में चक्रवात तूफान के पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट से टकराने की चेतावनी दी है। इससे पूर्वोत्तर भारत समेत ओडिशा, बंगाल, बिहार, झारखंड में मौसम फिर करवट ले सकता है।

मानसून के फिर लौटने से कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। उधर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में  भारी बर्फबारी ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत में अभी बार समय से पहले ही ठंड शुरू हो चुकी है।

विभाग ने गंगीय मैदानी इलाकों में भी 24 और 25 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा संभावित चक्रवात 25 अक्टूबर को ओडिशा के तट को छोड़ पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट से टकरा सकता है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है और अगले चार दिन में इसके तीव्र होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा कम दबाव का क्षेत्र 22 अक्टूबर तक गहरे निम्न दाब क्षेत्र में और 23 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर दिखने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वैसे दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को आसमान मोटे तौर पर साफ रहेगा।