प्रियंका का राजनीति में स्वागत : अखिलेश

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रियंका गांधी का राजनीति में आने पर स्वागत किया है। उन्होंने कहा नए लोगों को राजनीति में आना चाहिए।

कुछ रोज पहले ही कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाने और उन्हें अगले चुनाव के लिए पूर्वांचल क्षेत्र का जिम्मा देने का ऐलान किया था। कांग्रेस का यह बड़ा फैसला लोकसभा चुनाव के लिए यूपी में एसपी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का गठबंधन औपचारिक रूप से सामने आने के बाद किया गया था। इन दोनों ने अपने गठबंधन में कांग्रेस को जगह देने से मना कर दिया था।

इसे लेकर शनिवार को अखिलेश ने कहा कि वे कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देना चाहते हैं। ”उन्होंने एक अच्छा फैसला किया है। राजनीति में नए लोगों को आना चाहिए। हम समाजवादी उनका स्वागत करते हैं।” उनसे चुनाव के बाद कांग्रेस के साथ किसी तरह के तालमेल को लेकर भी सवाल पूछा गया लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।

प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाने और यूपी का जिम्मा देने के    अध्यक्ष राहुल गांधी के फैसले को अभी तक ज्यादातर राजनीतिक पंडितों ने  मास्टरस्ट्रोक और भाजपा के साथ-साथ एसपी-बीएसपी गठबंधन को भी बड़ी चुनौती बताया है। वैसे राहुल की तरफ से अभी तक सपा-बसपा के खिलाफ कोइ भी ब्यान नहीं आया है। उलटे राहुल ने यही कहा है कि वे बसपा-सपा नेतृत्व का सम्मान करते हैं क्योंकि वे भी भाजपा को हराना चाहते हैं।