पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित किया, कहा सभी ताकतें मतभेद भुला एकजुट हों

रूस में चल रहे घटनाक्रम के बीच रूसी संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने वागनर ग्रुप की निजी सैन्य कंपनी (पीएमसी) के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की ओर से दिए गए बयानों पर सशस्त्र विद्रोह को उकसाने के लिए एक आपराधिक मामला दर्ज़ किया है।रूस की सरकारी एजेंसी स्पुतनिक न्यूज के मुताबिक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अब से कुछ देर पहले राष्ट्र के नाम एक वीडियो संबोधन में कहा कि रूसी राष्ट्र के भाग्य का फैसला अभी किया जा रहा है। उन्होंने सभी ताकतों को एकजुट होने और किसी भी मतभेद को दूर करने की जरूरत जताई है।

पुतिन का यह संदेश इस मायने में महत्वपूर्ण है कि वागनर ग्रुप के मुखिया प्रिगोझिन ने कुछ इलाकों के अपने कब्जे में होने का दावा किया था। उधर अपने सम्बोधन में रूसी नेता पुतिन ने कहा कि वह रूसियों, सेना, सुरक्षा एजेंसियों और सभी लोगों को संबोधित कर रहे हैं जिन्हें धोखे और धमकियों से सशस्त्र विद्रोह के रास्ते पर धकेल दिया गया है।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी स्पुतनिक न्यूज डॉट इन के मुताबिक राष्ट्र को सम्बोधित करते हुए पुतिन ने कहा – ‘मैं रूस के नागरिकों, सशस्त्र बलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और विशेष सेवाओं के कर्मियों, सेनानियों और कमांडरों से अपील करता हूं जो अब अपने युद्धक स्थानों पर लड़ रहे हैं, दुश्मन के हमलों को नाकाम कर रहे हैं वे महान वीरता का परिचय दे रहे हैं।’

स्पुतनिक के मुताबिक पुतिन ने कहा कि उन्होंने आज फिर से सभी लाइनों के कमांडरों से बात की। पुतिन ने कहा ने कहा – ‘मैं उन लोगों से भी अपील करता हूं, जो धोखे या धमकी के माध्यम से इस आपराधिक कार्य में शामिल हो गए और सशस्त्र विद्रोह के गंभीर अपराध के रास्ते पर धकेल दिए गए।’

पुतिन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति और कमांडर-इन-चीफ के रूप में, रूस के नागरिक के रूप मैं देश की रक्षा के लिए, संवैधानिक व्यवस्था, नागरिकों के जीवन, सुरक्षा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सब कुछ करूंगा। स्पुतनिक न्यूज के मुताबिक पुतिन ने कहा कि ‘उन्होंने रात में सभी दिशाओं के सैन्य कमांडरों से बात की। सेना बहादुरी से लड़ रही है। सशस्त्र बलों और अन्य राज्य निकायों को आवश्यक आदेश प्राप्त हो गए हैं, अब मॉस्को, मॉस्को क्षेत्र और कई अन्य क्षेत्रों में अतिरिक्त आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं।’

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि ‘जब रूस के लोगों के भाग्य का फैसला किया जा रहा हो तो विशेष सैन्य अभियान के दौरान किसी भी झगड़े को अलग रखा जाना चाहिए’। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी स्पुतनिक न्यूज डॉट इन के मुताबिक पुतिन ने कहा कि अत्यधिक महत्वाकांक्षा और व्यक्तिगत हितों ने रूस के साथ विश्वासघात को जन्म दिया है जिसके लिए वागनर समूह के सेनानियों और कमांडरों ने अन्य इकाइयों और टुकड़ियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई की और शहीद हुए। उन्होंने कहा कि विद्रोह के प्रयास के लिए ज़िम्मेदार सभी लोगों को अपरिहार्य सज़ा भुगतनी होगी और कानून और लोगों को जवाब देना होगा।