पीएम मोदी सहित सदस्यों ने ली शपथ

नई लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हो गया। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नव निर्वाचित सांसदों ने शपथ ली और यह क्रम अभी चल रहा है।   प्रोटेम स्पीकर वीरेंद्र कुमार सदस्यों को शपथ दिला रहे हैं। इससे पहले प्रो-टेम स्पीकर को राष्ट्रपति ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।  संसद का ये सत्र १७ जून से २६ जुलाई तक चलेगा।
मोदी के शपथ लेते समय सत्तारूढ़ दल के सदस्यों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए।
उनके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गांधीनगर से पहली बार चुने गए भाजपा  अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने भी सांसद के तौर पर शपथ ली। अगले दो दिन में चुने गए सभी सांसद शपथ का क्रम पूरा कर लेंगे। शपथ ग्रहण के समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सदन में उपस्थित नहीं थे।
सदन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी नज़र नहीं आए। पता चला है कि वे दिन में सदन में आ सकते हैं क्योंकि वे आज ही विदेश दौरे से लौटे हैं। माना जाता है कि  राहुल गांधी केरल के वायनाड दौरे से सीधे विदेश यात्रा पर चले गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में उनके लंदन जाने की बात कही गयी थी हालाँकि खुद राहुल गांधी या कांग्रेस ने इसे लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
संसद की कार्यवाही से पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिपक्ष के लोग नंबर की चिंता छोड़ दें, हमारे लिए उनकी भावना मूल्यवान है। संसद में हम पक्ष-विपक्ष को छोड़ निष्पक्ष की तरह काम करें। पीएम ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस बार सदन में अधिक काम होगा। पीएम ने कहा कि जब सदन चला है, तो देशहित के निर्णय अच्छे हुए हैं। आशा करता हूं कि सभी दल साथ आएं, लोकतंत्र में विपक्ष का सक्रिय होना जरूरी है।
मोदी ने लोकसभा चुनाव २०१९ में भाजपा की अगुवाई में एनडीए की बड़ी जीत का जिक्र किया। मोदी ने कहा कि विपक्ष देश के लोकतंत्र के लिए काफी अहम है इसलिए उन्हें सरकार के कामों में अड़ंगे नहीं लगाना चाहिए, बल्कि काम में सहयोग करना चाहिए।