दिल्ली की तिहाड़ जेल में गैंगवार, कैदी टिल्लू ताजपुरिया की हत्या

सड़कों पर गैंगवार तो होता है, लेकिन राजधानी दिल्ली में मंगलवार तड़के तिहाड़ जेल में ही गैंगवार हो गया, जिसमें एक गुट के बदमाशों ने दूसरे गैंग के बदमाश टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी। जानलेवा हमले के बाद टिल्लू को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज करते हुए ही उसकी मौत हो गयी।

जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर टिल्लू पर जेल नंबर 8 में कैद दूसरे गुट के गुंडे योगेश टुंडा ने लोहे की ग्रिल से साथ वाली जेल नंबर 9 में कैद टिल्लू पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। बुरी तरह घायल टिल्लू को  दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया गया है कि टिल्लू पर चार कैदियों ने हमला किया जिनमें दीपक तीतर, योगेश टुंडा, राजेश और रियाज खान हैं जो जितेंद्र गोगी गैंग से हैं। टिल्लू पर सुबह 6:15 बजे हमला हुआ। आरोपियों ने लोहे की ग्रिल तोड़कर उसे नुकीला किया और हमला कर दिया जिससे टिल्लू की मौत हो गई, जबकि एक कैदी रोहित घायल है।

बता दें टिल्लू ताजपुरिया पर 11 मामले दर्ज हैं जिनमें तीन हत्या के हैं। साल 2018 में उस पर और उसकी गैंग के लोगों पर मकोका लगा दिया गया था। टिल्ली नीरज बवाना, सुनील राठी गैंग से भी जुड़ा हुआ था और साल 2016 से वो जेल में बंद था। उसे 2016 में सोनीपत पुलिस ने हत्या के आरोप में रोहतक से गिरफ्तार किया था।

बाहरी दिल्ली के ताजपुर गांव के रहने वाले टिल्लू पर हत्या, अवैध कब्जे और जबरन वसूली सहित अपराध के कई मामले दर्ज हैं। टिल्लू 24 सितंबर, 2021 में दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुए शूटआउट का भी मास्टरमाइंड था। कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी, जो कभी उसका दोस्त हुआ करता था, की हत्या के लिए टिल्लू ने दोनों शूटरों को ट्रेनिंग दिलाई थी। यह दोनों शूटर मारे गए थे।