चाहे भाजपा के झंडे-स्टीकर लगा लें, जरूरतमंदों के लिए हमारी भेजी बसें चलने दें : प्रियंका गांधी

लॉकडाउन के बीच गरीब मजदूरों को बसें उपलब्ध करवाने को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार शाम एक लाइव ऑनलाइन प्रसारण में यूपी सरकार से कहा कि चाहे तो वह भाजपा के झंडे और स्टिकर लगा लें, कांग्रेस की तरफ से उपलब्ध करवाई गयी बसों को जरूरतमंदों को इस्तेमाल करने की इजाजत दे दे, क्योंकि यह जरूरतमंदों और मुसीबत के मारों के लिए हैं। प्रियंका गांधी के इस ब्यान के बाद बस मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

प्रियंका गांधी ने यूपी की योगी सरकार से कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है। अपने लाइन ऑनलाइन ब्यान में गांधी ने कहा – ”हमारी बसें उपलब्ध हैं। हम यूपी के मुख्यमंत्री से आग्रह करते हैं कि वे इन बसों का प्रयोग करें। बसों को चलने दें। यह बसें ४ बजे तक बार्डर पर खड़ी हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा कह रही है कि कांग्रेस ने ८७९ बसें ही उपलब्ध करवाई हैं। प्रियंका ने कहा कि ठीक है इतनी बसें ही चलवा दो। जरूरत मंदों को इससे बहुत राहत मिल जाएगी। प्रियंका ने आरोप लगाया कि बसों को लेकर भाजपा बहुत ही गिरी हुई राजनीति कर रही है।

कांग्रेस नेता ने अपने ब्यान में पार्टी की तरफ से प्रदेश सरकार को सौंपी गई बसों की सूची में बाइक और टेम्पो के नंबर होने पर कहा कि अगर ऐसे कुछ नंबर हैं भी, हम नए नंबर देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में हम सबको अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

गांधी ने कहा कि जो प्रवासी मजदूर पैदल चलकर अपने घरों को जा रहे हैं वो केवल भारतीय नहीं, बल्कि भारत की रीढ़ की हड्डी हैं। देश उनके खून पसीनों से चलता है। उनका ख्याल रखना सभी की जिम्मेदारी है। यह राजनीति का समय नहीं है। कृपया बसें चलने की इजाजत दे दें।