कुफरी में ताज़ा बर्फबारी।

हिमाचल के मनाली, कुफरी और उत्तराखंड में भी हिमपात

फोटो - वासु अहलूवालिया
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने से कई जगह बर्फबारी हुई है। इससे राज्य में ठण्ड बढ़ गयी है जबकि ऊपरी इलाकों में शीत लहर है। राजधानी  शिमला के जाखू सहित कुफरी, नारकंडा और मनाली में भी हिमपात हुआ है।उत्तराखंड के भी कई हिस्सों में बर्फबारी हुई है, जिसका जनजीवन पर असर पड़ा है।
मौसम विभाग ने हिमाचल में गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ है | विभाग के अनुसार, राज्य में १६ दिसंबर तक मौसम खराब रहेगा | शिमला में गुरुवार सुबह तड़के से ही बारिश और जाखू की पहाड़ी पर हल्का हिमपात हुआ है।
इसके अलावा, कुफरी, नारकंडा और अन्य इलाकों में बर्फबारी हुई है | मौसम विभाग के अनुसार, कल्पा में १० सेंटीमीटर और केलंग में ९ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है | मंडी जिला सहित सुंदरनगर में हल्की बूंदा-बांदी हुई है |
इस बीच शिमला के कुफरी और कुल्लू के मनाली में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। शिमला के जाखू में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। लाहुल-रोहतांग में भारी बर्फबारी हुई है। चेतावनी के बीच राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी है। आज और कल पूरे प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। बारिश-बर्फबारी होने से हिमाचल शीतलहर की चपेट में आ गया है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज हुई है।
कुल्लू और आनी को जोड़ने वाले हाईवे ३०५ जलोड़ी जोत पर हिमपात की वजह से बंद हो गया है | मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पांच जिलों में १२ और १३ दिसंबर को भारी बारिश और बर्फबारी होगी | इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है | लाहुल के केलंग में तापमान माइनस ३.४ और कल्पा में माइनस १ डिग्री दर्ज किया गया है।