झारखंड में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण जारी

झारखंड में तीसरे चरण में १६ विधानसभा सीटों कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। अभी तक की रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले चार घंटे में २९.४४ फीसदी मतदान हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। यह मतदान कोडरमा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, हजारीबाग, सिमरिया (सुरक्षित), धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी (सु), रांची, हटिया और कांके (सु) सीटों के लिए हो रहा है।

पहले चार घंटे अर्थात ११ बजे तक इन विधानसभा क्षेत्रों में २९.४४ प्रतिशत वोटिंग हुई हैं। खिजरी सीट पर मतदान का प्रतिशत सबसे अधिक ३७.६५ प्रतिशत रहा वहीं रांची में सबसे कम १९.३५ प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर बाद मतदान में तेजी आ सकती है।

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने एटीआइ में, मंत्री सीपी सिंह ने अपने परिवार के साथ जिला परिषद स्थित मतदान केंद्र और झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष और झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने धनवार विधानसभा क्षेत्र के कोदईबांक के मतदान केंद्र पर वोट डाला।

तीसरे चरण के मतदान वाली १६ विधानसभा सीटों के लिए ३२ महिलाओं समेत कुल ३०९ प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से सबसे अधिक ३१ प्रत्याशी ईचागढ़ और सबसे कम १२ प्रत्याशी रांची और कांके विधानसभा सीट के लिए हैं।