किसानों का भारत बंद 11 बजे से शुरू

किसानों का मोदी सरकार के तीन कृषि क़ानून के खिलाफ आज ‘भारत बंद’ है। कांग्रेस सहित 13 विपक्षी दल बंद का समर्थन कर रहे हैं। किसान संगठनों के मुताबिक उनका राष्ट्रव्यापी बंद 11 बजे से शुरू हो जाएगा जो दिनभर चलेगा। बंद के दौरान 3 बजे तक चक्काजाम किया जाएगा। इस दौरान एंबुलेंस और शादियों से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाएंगे। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जिनका कल जन्मदिन है, ने किसानों की मांगों के हक़ में अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।

आज किसानों के इस बंद को पंजाब और हरियाणा के अलावा तमाम गैर भाजपा शासित राज्यों में जबरदस्त समर्थन मिल सकता है। किसान संगठनों ने कहा कि 11 बजे से बंद शुरू होगा, जो दिनभर रहेगा। तीन बजे तक चक्का भी जाम किया जाएगा। इस दौरान एंबुलेंस और शादी से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाएंगे।

बंद के कारण सब्जी, फल और दूध जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति भी बंद रहेगी। किसानों के समर्थन में सबसे ज्यादा सक्रिय कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन की योजना बनाई है। पंजाब में सुबह आठ से शाम पांच बजे तक पेट्रोल पम्प बंद रहेंगे। वहीं बंद को देखते हुए झारखंड में परीक्षाएं टाल दी गई हैं।

महाराष्ट्र में संवेदनशील इलाकों में बसें नहीं चलाने का फैसला किया गया है। हरियाणा में भी पेट्रोल पंप तीन बजे तक बंद रहेंगे। गुजरात में विजय रूपाणी सरकार ने चेतावनी दी है कि जो भी जबरदस्ती बंद करवाने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभी तक की ख़बरों के मुताबिक पंजाब के अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड में बंद को जबरदस्त समर्थन मिल सकता है। भाजपा के शासन वाले यूपी,  गुजरात ने बंद का समर्थन नहीं किया है जबकि पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने भी कहा है कि वह किसानों की मांगों का समर्थन करती हैं, लेकिन उनका राज्य बंद नहीं रहेगा।

उधर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, जिनका कल (9 दिसंबर) को जन्मदिन है, ने फैसला किया है कि कोरोना महामारी और किसान आंदोलन के कारण वे जन्मदिन नहीं मनाएंगी।