कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर कंसा तंज कहा- मोदी सरकार की ‘लाल आंख’ पर चीनी चश्मा चढ़ा है

अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय और चीनी फौजों के बीच पिछले सप्ताह हुर्इ झड़प को लेकर संसद में विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा चल रहा हैं। इसी हंगामे का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर तंज कसा हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्विटर पर लिखा कि, “ऐसा प्रतीत होता है कि मोदी सरकार की ‘लाल आंख’ पर चीनी चश्मा लगा हुआ है…क्या भारतीय संसद में चीन के विरूद्ध बोलने की अनुमति नहीं हैं…?“

इससे पहले बुधवार को राज्यसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा  था कि चीन द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण के बारे में हम इस सदन में चर्चा चाहते हैं। कांग्रेस द्वारा चर्चा की मांग को स्पीकर द्वारा ठुकराने के बाद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा से वॉकआउट किया था।

इसके बाद खड़गे ने उस वक्त ट्वीट कर कहा था कि, “हमें हमारे भारतीय सैनिकों पर बहुत गर्व हैं। पूरा देश एकजुट होकर सेना की बहादुरी की प्रशंसा करता है। हम सभी जानते हैं कि अप्रैल 2020 से लगातार चीन हमारे सीमा के अंदर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। देश की जनता की ओर से हम चीन की घुसपैठ पर संसद में चर्चा चाहते हैं। कभी खबर आती है कि अरुणाचल प्रदेश में गांव बसा लिया। कभी देपसांग में दो सौ शेल्टर बना लिए। चीनी सैनिकों द्वारा वेपन शेल्टर, एंट्री एयरक्राफ्ट गन बनाने की खबरें आ रही हैं। ऐसा क्यों हैं ? ”

भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई झड़प पर चर्चा के लिए विपक्ष में कांग्रेस के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) तथा अन्य कुछ पार्टियां दबाव डालती रही हैं, लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दोनों सदनों में दिए गए बयान के अलावा अभी तक सरकार चर्चा की मांग को ठुकरा ही रही हैं।

आपको बता दें, 7 दिसंबर से संसद का शीतकालीन सत्र जारी हैं। वहीं विपक्षी दल लगातार सदन में अरुणाचल प्रदेश सीमा विवाद का मुद्दा उठा रहे है और उस पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। हालांकि इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन मे बयान दिया है किंतु विपक्षी दल उनके बयान पर संतुष्ट नहीं हैं।