कर्नाटक में मोदी का रोड शो शुरू, सोनिया गांधी भी उतरेंगी प्रचार में

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बाद अब शनिवार को कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी भी कर्नाटक में प्रचार के लिए उतरेंगी। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो शुरू हो गया है जो 26 किलोमीटर लंबा है। उधर जेडीएस भी प्रचार में लगा हुआ है।

कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार अब चरम पर पहुंच चुका है। पीएम मोदी आज बेंगलुरु में मेगा रोड शो कर रहे हैं। मोदी का रोड शो दोपहर 1.30 बजे तक चलेगा और यह 13 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। भाजपा का दावा है कि इसमें 10 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे।

उधर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी आज हुबली में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। यह पहला मौका होगा जब सोनिया गांधी कर्नाटक में इस चुनाव में प्रचार करेंगी। कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए यह उनकी पहली रैली है। बता दें यहाँ पार्टी के उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर हैं जो भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में आये हैं।

बता दें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहले से ही कर्नाटक चुनाव में व्यस्त हैं। राहुल रोड शो कर चुके हैं जबकि प्रियंका ने भी रोड शो के अलावा जनसभाएं की हैं।  उधर भाजपा के लिए पार्टी के दिग्गज नेता अमित शाह और अध्यक्ष जेपी नड्डा भी प्रचार कर रहे हैं।