तलाक के बाद ग्लैमर और रसूख में डूबती गई श्रद्धा दुबे, पेज-3 लाइफ पहले स्टाइल और अब बुराई!

शिवा शर्मा की मौत से उठे सवालों में फंसी मॉडलः 11 दिन से फरार श्रद्धा नागपुर से गिरफ्तार; बहन और चालक भी पकड़े गए। पुलिस ने इनाम 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया था। सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल, प्रभावशाली लोगों से संपर्क और कथित आर्थिक विवाद की चर्चाएं- लेकिन इन दावों के पीछे की हकीकत आखिर क्या है और क्या पेज-3 लाइफ जो श्रद्धा का पहले स्टाइल थी, वही अब उसकी बुराई बन रहा है?

एम. रियाज़ हाशमी। नई दिल्ली
लखनऊ में कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के मामले में मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के साथ जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। 9 अक्टूबर को हजरतगंज क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा शर्मा की मौत हुई थी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम को बढ़ाकर 50 हजार रुपये प्रति आरोपी कर दिया था। शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी? इन सवालों के जवाब की तलाश में अब आगे बढ़ा जा सकेगा।

इस मामले की चर्चा केवल एक संदिग्ध मौत और फरार आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर श्रद्धा की जीवनशैली, उनके प्रभावशाली संपर्कों, निजी संबंधों और शिवा के साथ आर्थिक विवाद को लेकर कई तरह के दावे सामने आए हैं। इन दावों में कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनकी दस्तावेजों के आधार पर जांच की जानी चाहिए।

2010 में शादी, 2022 में तलाकः फिर नवाबों के शहर में नई जिंदगी

श्रद्धा दुबे की शादी 2010 में प्रतापगढ़ निवासी लोकेश पांडेय से हुई थी। लोकेश आईटी इंजीनियर हैं और शादी के बाद दोनों हैदराबाद में रहे। श्रद्धा की मॉडलिंग और फैशन डिजाइनिंग में रुचि को देखते हुए पति ने उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण दिलाया। आगे चलकर दोनों के संबंधों में तनाव आया और 2022 में तलाक हो गया। दोनों का एक बेटा है, जो पिता के साथ रहता है।

श्रद्धा की कहानी का दूसरा चरण मॉडलिंग और सोशल मीडिया पर उनकी सार्वजनिक पहचान से जुड़ा है। श्रद्धा को मॉडल, फैशन ब्लॉगर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताया जाता है। इंस्टाग्राम खाते पर लगभग 1.4 लाख फॉलोअर्स हैं। लेकिन असली सवाल यह है कि लखनऊ आने के बाद उनके पेशेवर काम की प्रकृति में क्या बदलाव आया और उनकी सार्वजनिक छवि किस तरह विकसित हुई?

पहले फैशन शो, मॉडलिंग और डिजाइनिंग से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख थीं, जबकि बाद में सोशल मीडिया पर घूमने-फिरने, महंगी जीवनशैली और प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें अधिक दिखाई देने लगीं।

लग्जरी लाइफ और रसूख: तस्वीरों से आगे आय के स्रोतों की जांच

श्रद्धा दुबे की जीवनशैली को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा हिस्सा उनके पहनावे, महंगे सामान, यात्राओं और प्रभावशाली संपर्कों से जुड़ा है। दावा किया जा रहा है कि लखनऊ में रहने के दौरान उनकी पहचान नेताओं, अधिकारियों और खिलाड़ियों के बीच बढ़ी। यह भी कहा गया है कि शिवा शर्मा मामले के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ तस्वीरें हटा दी गईं।

हालांकि, किसी नेता या अधिकारी के साथ तस्वीर होना अपने आप में किसी विशेष संरक्षण या अनुचित लाभ का प्रमाण नहीं है। इसी तरह महंगे सामान का इस्तेमाल यह साबित नहीं करता कि उसे अवैध कमाई से खरीदा गया। लेकिन श्रद्धा की जीवनशैली और उनकी घोषित पेशेवर आय के बीच स्पष्ट अंतर जानने के लिए एसटीएफ मॉडलिंग अनुबंधों, विज्ञापन भुगतान, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन की जांच करेगी।

शिवा शर्मा की मौत: हत्या का आरोप, आत्महत्या का दावा और सुबूत

9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत के बाद उनकी मां रंजना शर्मा ने हत्या की आशंका जताई। 10 अक्टूबर को हजरतगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। शिकायत में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे, चालक तनवीर अली और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के नाम शामिल हैं। परिवार की ओर से प्रताड़ना और मारपीट जैसे आरोप भी सामने आए हैं।

दूसरी ओर, श्रद्धा दुबे ने सार्वजनिक बयान में खुद को निर्दोष बताया और दावा किया कि शिवा शर्मा ने आत्महत्या की थी। उन्होंने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की। उन्होंने शिवा पर कर्ज होने और गहने ले जाने संबंधी दावे भी किए। इस मामले में निर्णायक सवाल यह है कि चौथी मंजिल से गिरने की घटना किन परिस्थितियों में हुई? घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मोबाइल फोन के डिजिटल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक निष्कर्षों को एक साथ रखकर ही घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

25 हजार से 50 हजार रुपये का इनाम, पुलिस अधिकारियों के तबादले

श्रद्धा दुबे और उनके साथियों की तलाश के दौरान पुलिस ने पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और बाद में इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये प्रति आरोपी कर दिया। पुलिस की तलाश और गिरफ्तारी में देरी के बीच जांच की निगरानी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण की खबरें भी आईं। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह को पुलिस लाइन भेजे जाने और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया।

इन प्रशासनिक कदमों से जांच की गति और पुलिस की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है, लेकिन स्थानांतरण को अपने आप में किसी दबाव या संरक्षण का प्रमाण नहीं माना जा सकता। अब श्रद्धा दुबे और उनके साथियों की गिरफ्तारी के बाद जांच का महत्वपूर्ण चरण शुरू होगा। पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि घटना के समय अपार्टमेंट में कौन मौजूद था, शिवा की मौत से पहले और बाद में क्या हुआ, आरोपियों की गतिविधियां क्या थीं और उपलब्ध डिजिटल व भौतिक साक्ष्य एक-दूसरे से मेल खाते हैं या नहीं?

क्लब में मुलाकात, फिर लिव-इन रिलेशनशिप; शादी और पैसों को लेकर तनाव

लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा और मॉडल श्रद्धा दुबे के बीच संबंधों को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोनों की मुलाकात करीब छह महीने पहले लखनऊ के एक क्लब में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे कुछ समय तक श्रद्धा के फ्लैट में साथ रहने लगे। श्रद्धा ने अपने सार्वजनिक बयान में भी शिवा के साथ संबंध होने की बात स्वीकार की थी। शिवा के परिवार का आरोप है कि दोनों के बीच विवाद था और शिवा इस रिश्ते को शादी तक ले जाना चाहता था।

इस मामले में रिश्ते की वास्तविक प्रकृति, दोनों के बीच आर्थिक विवाद और मौत से पहले की घटनाएं जांच के महत्वपूर्ण पहलू हैं। दोनों के संबंधों में तनाव होने की बात अपने आप में अहम है। शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका निर्धारण सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम निष्कर्षों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य जांच परिणामों के आधार पर ही किया जा सकता है।

श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद 5 अहम जानकारियां

1.            नागपुर के वर्धा रोड वाले फ्लैट में थी श्रद्धा, दोपहर 3:30 बजे गिरफ्तारीः मॉडल श्रद्धा दुबे को 20 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नागपुर में वर्धा रोड स्थित एक फ्लैट से दोपहर करीब 3:30 बजे गिरफ्तार किया गया है। नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने कार्रवाई की पुष्टि की।

2.            आगरा के होटल में बुर्के में पहुंची, रजिस्टर में देवराज यादव का नामः श्रद्धा दुबे 17 अक्टूबर को अपनी बहन रश्मि और एक युवक के साथ आगरा के ताजनगरी फेज-1 स्थित ओम पैलेस होटल पहुंची थीं। वह बुर्के में थी और युवक ने देवराज यादव के नाम से  होटल में दो कमरे बुक कराए थे।

3.            एसटीएफ का दावा-पुलिस की कार्रवाई लीक होने से लगा समयः यूपी एसटीएफ ने कहा कि श्रद्धा दुबे को पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी थी, जिससे उसकी तलाश में समय लगा। अब फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए संचार माध्यमों, ठिकानों की जांच होगी।

4.            नेपाल सीमा से महाराष्ट्र तक पहुंचने की कड़ी, रूपईडीहा में मिली थी गाड़ीः जांच के दौरान श्रद्धा दुबे की गाड़ी नेपाल सीमा के पास उत्तर प्रदेश के रूपईडीहा क्षेत्र में मिली थी। सभी के नेपाल के बांके, सुर्खेत और दांग जिले के भालुवांग से यूपी लौटकर महाराष्ट्र जाने की बात सामने आई है।

5.            शिवा की डायरी, तीसरे मोबाइल और गायब फोन की गुत्थीः शिवा शर्मा की डायरी, श्रद्धा दुबे के तीसरे मोबाइल फोन और शिवा के एक मोबाइल के गायब होने से जुड़े सवाल उठे हैं। इनसे दोनों के संबंधों, घटना से पहले की बातचीत और संभावित विवादों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।