जेठानी-देवरानी और सास इंदिरा गांधी के बीच कैसे बढ़ीं दूरियाँ ? वरुण गांधी की पहली बर्थडे पार्टी वसुंधरा राजे के घर क्यों हुई ? सोनिया गांधी की किताब में हुए कई खुलासे

राघवेंद्र द्विवेदी, नई दिल्ली

गांधी परिवार के निजी रिश्तों और सियासी उठापटक की कई अनकही कहानियां एक बार फिर चर्चा में हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब Belonging: A Journey of Love में उन्होंने अपनी छोटी देवरानी मेनका गांधी के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट, संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं, वरुण गांधी के पहले जन्मदिन की पार्टी, इंदिरा गांधी और मेनका के बीच बढ़ते टकराव तथा गांधी परिवार से मेनका के अलग होने की घटनाओं का विस्तार से जिक्र किया है।

1973 में हुई थी संजय और मेनका की पहली मुलाकात

सोनिया गांधी के मुताबिक, 1973 के आखिर में संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से हुई थी। वह उनसे करीब दस साल छोटी थीं। सोनिया ने मेनका को खूबसूरत, जीवंत और मिलनसार स्वभाव की युवती बताया है। दोनों ने 1974 में शादी कर ली। इसके बाद मेनका गांधी नेहरू-गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर घर में आईं। सोनिया गांधी के मुताबिक, शुरुआत में परिवार में एक छोटी बहन के आने से उन्हें खुशी हुई थी।

घर में सोनिया को ‘बहुरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहू’ कहकर संबोधित किया जाता था। सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने हमेशा मेनका को परिवार की अपनी बेटी की तरह ही माना, लेकिन संभव है कि मेनका को यह संबोधन अपने लिए कमतर होने जैसा महसूस होता रहा हो। धीरे-धीरे दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर मतभेद सामने आने लगे। सोनिया के अनुसार, मेनका का स्वभाव काफी मुखर था। वह कई बार नाराजगी में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जो गांधी परिवार के घरेलू माहौल में स्वीकार्य नहीं थे। सोनिया ने यह भी लिखा है कि संजय और मेनका के बीच होने वाले विवाद धीरे-धीरे परिवार के दूसरे सदस्यों तक पहुंचने लगे थे।

संजय और राजीव के रिश्तों में भी आई थी खटास

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में संजय गांधी और राजीव गांधी के रिश्तों में आई तल्खी का भी उल्लेख किया है। 1977 में आपातकाल खत्म होने के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों अपनी सीटें हार गए थे। इस हार के बाद संजय गांधी की राजनीतिक भूमिका और उनके फैसलों को लेकर परिवार में भी सवाल उठने लगे थे।

सोनिया के मुताबिक, राजीव गांधी का मानना था कि संजय के जल्दबाजी में लिए गए फैसलों, जिद और बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के कार्यक्रम लागू करने की प्रवृत्ति ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया था।

1978 के चुनावी घटनाक्रम के बाद एक पारिवारिक चर्चा में राजीव ने संजय से नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह उन्हें माफ नहीं कर सकते, क्योंकि उनकी वजह से उनकी मां को इस स्थिति का सामना करना पड़ा।

सोनिया लिखती हैं कि इस बातचीत के दौरान इंदिरा गांधी ने भी राजीव की बातों का समर्थन किया। मेनका ने बीच में हस्तक्षेप किया, जिस पर इंदिरा गांधी ने उन्हें भी जवाब देने की चुनौती दी। सोनिया के अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेनका पत्रकारों के माध्यम से परिवार के खिलाफ खबरें प्रसारित करवाती थीं।

संजय गांधी की मौत के बाद बढ़ा विवाद

23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत हो गई। उस समय उनकी उम्र महज 33 वर्ष थी। उनकी पत्नी मेनका गांधी 23 साल की थीं और उनका तीन महीने का बेटा था, जिसका नाम फिरोज वरुण गांधी रखा गया था।

संजय की मौत के बाद मेनका की राजनीतिक भूमिका को लेकर गांधी परिवार में मतभेद सामने आने लगे। सोनिया गांधी लिखती हैं कि संजय के राजनीतिक समर्थकों के बीच मेनका को पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिलाने की कोशिशें हो रही थीं। लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि मेनका अभी काफी युवा हैं और उन्हें पहले अपने छोटे बच्चे की देखभाल पर ध्यान देना चाहिए। राजनीति के लिए आगे भी पर्याप्त समय था। सोनिया के मुताबिक, मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं कुछ और थीं। यहीं से इंदिरा गांधी और मेनका के बीच दूरियां और बढ़ने लगीं।

आखिर वसुंधरा राजे के घर क्यों हुई थी वरुण की पहली बर्थडे पार्टी ?

इस पूरे विवाद का सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम मार्च 1981 का है। सोनिया गांधी के अनुसार, वरुण गांधी का पहला जन्मदिन नजदीक आने पर इंदिरा गांधी ने सुझाव दिया था कि घर पर एक छोटा सा आयोजन किया जाए, जिसमें मेनका की कुछ करीबी सहेलियों और उनके बच्चों को बुलाया जाए लेकिन मेनका ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

बाद में इंदिरा गांधी को पता चला कि पोते का जन्मदिन मनाया तो गया था, लेकिन गांधी परिवार के घर पर नहीं, बल्कि वसुंधरा राजे के घर पर। वसुंधरा राजे ग्वालियर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बेटी हैं। उस समय वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की समर्थक और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी मानी जाती थीं।

सोनिया गांधी ने इस घटनाक्रम को इंदिरा गांधी को ठेस पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा है। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी को यह बात बेहद बुरी लगी थी कि उनके पोते का पहला जन्मदिन उनके घर के बजाय एक ऐसे राजनीतिक परिवार के यहां मनाया गया, जिसके विचार और राजनीतिक संबंध इंदिरा गांधी के विरोध में थे। सोनिया इस घटना को महज पारिवारिक आयोजन नहीं मानतीं, बल्कि इसे मेनका की बदलती राजनीतिक दिशा का संकेत बताती हैं।

‘सूर्या’ पत्रिका की बिक्री ने और बढ़ाई तल्खी

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में मेनका गांधी की पत्रिका ‘सूर्या’ (Surya) का भी उल्लेख किया है। उनके मुताबिक, वसुंधरा राजे ने बाद में मेनका की पत्रिका सूर्या को RSS से जुड़े एक व्यक्ति को बेचने में भूमिका निभाई थी।

सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी के लिए यह कदम बेहद अपमानजनक था। उनके अनुसार, इंदिरा इसे सिर्फ अपने प्रति नहीं, बल्कि संजय गांधी, अपने पिता और आजादी की लड़ाई के दौरान RSS की सांप्रदायिक विचारधारा का विरोध करने वालों की स्मृति के प्रति भी अपमान मानती थीं।

सोनिया के शब्दों में, इस कदम से मेनका ने सारी सीमाएं पार कर दी थीं और इंदिरा गांधी ने इसे एक जानबूझकर दी गई राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा था।

इंदिरा गांधी ने मेनका को घर छोड़ने के लिए कहा

सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी जब आधिकारिक यात्रा पर लंदन गई हुई थीं, उसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि मेनका अपने सामान को घर से बाहर ले जा रही हैं।

लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका से इस बारे में बात की। उन्होंने मेनका की राजनीतिक गतिविधियों पर नाराजगी जताई और उनके सामने दो विकल्प रखे- या तो वह अपनी गतिविधियों से पीछे हटें या फिर घर छोड़कर अलग रहें। सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने इसके जवाब में एक पत्र दिया, जिसमें उन्होंने अपनी सास पर कई आरोप लगाए थे।

सोनिया का मानना है कि मेनका ने घर छोड़ने की योजना पहले से बना रखी थी और इस बारे में एक पत्रकार मित्र को भी जानकारी दे दी थी।

इस पूरे घटनाक्रम को सोनिया ने आज के दौर के संदर्भ में ‘रियलिटी शो’ जैसा बताया है। उनके मुताबिक, जिस तरह से इस विवाद को सार्वजनिक रूप दिया गया, उससे पूरा मामला एक तमाशे में बदल गया था।

वरुण गांधी को लेकर भी अदालत तक पहुंचा मामला

मेनका गांधी के गांधी परिवार से अलग होने के बाद विवाद यहीं समाप्त नहीं हुआ। मामला वरुण गांधी से परिवार की मुलाकात और उनसे मिलने के अधिकार तक पहुंच गया।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि परिवार ने वरुण से मिलने के अधिकार के लिए कानूनी रास्ता अपनाया था, लेकिन बाद में मेनका ने परिवार के सदस्यों को वरुण से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

सोनिया ने एक और घटना का जिक्र किया है। जब वरुण करीब चार साल के थे, तब इंदिरा गांधी ने सोनिया से कहा कि वह उनके लिए कुछ उपहार लेकर वरुण के नर्सरी स्कूल जाएं। उस समय इंदिरा गांधी पंजाब के हालात को लेकर व्यस्त थीं। सोनिया के मुताबिक, अगले दिन अखबारों में मेनका की ओर से यह आरोप लगाया गया कि सोनिया को वरुण का अपहरण करने के लिए भेजा गया था।

सोनिया बताती हैं कि इस मामले में कानूनी विवाद भी लंबे समय तक चला। उन्होंने अपनी किताब में इंदिरा गांधी के वकील को लिखे आखिरी जवाब का जिक्र 19 अप्रैल 1984 की तारीख के साथ किया है।

1984 में राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ी थीं मेनका

गांधी परिवार से अलग होने के बाद मेनका गांधी ने अपनी राजनीतिक राह अलग बनाई। 1984 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने राजीव गांधी के खिलाफ अमेठी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में वह वी.पी. सिंह के जनता दल से जुड़ीं और 2004 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। वरुण गांधी ने भी आगे चलकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर सांसद बने।

परिवार के रिश्तों और राजनीति का दस्तावेज है किताब

सोनिया गांधी की Belonging: A Journey of Love सिर्फ उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर का संस्मरण नहीं है, बल्कि इसमें नेहरू-गांधी परिवार के भीतर के रिश्तों, मतभेदों और सत्ता के आसपास घटने वाली घटनाओं की झलक भी मिलती है। मेनका गांधी से जुड़े प्रसंगों में सोनिया ने घटनाओं को अपने अनुभव और दृष्टिकोण से दर्ज किया है। इसलिए इन विवरणों को सोनिया गांधी के संस्मरण में प्रस्तुत उनके पक्ष के रूप में देखना जरूरी है। हालांकि, वरुण गांधी के पहले जन्मदिन की पार्टी से लेकर मेनका के गांधी परिवार से अलग होने तक का घटनाक्रम एक बार फिर इस सवाल को सामने लाता है कि किस तरह निजी रिश्ते, राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं और वैचारिक मतभेद एक ही परिवार के भीतर गहरे टकराव का कारण बन सकते हैं।

किताब में हुए इन खुलासों पर अभी तक मेनका गाँधी की प्रतिक्रिया नहीं आई है। सवाल ये भी है कि क्या मेनका इस पर बोलेंगी या चुप्पी बनाए रखेंगी ? क्योंकि कई बार इंसान भविष्य की बेहतर संभावना देखते हुए ‘इतिहास’ से उलझना नहीं चाहता।