मुम्बई में बारिश के बाद मकान ढहने से 11 लोगों की मौत  

मुम्बई में जहाँ मानसून की पहली ही बारिश ने जलथल कर दी है, वहीं मलाड वेस्ट में बीती रात एक घर ढह जाने से 11 लोगों की जान चली गयी है और कई लोग घायल हुए हैं।
मलाड के मलवनी इलाके में एक मंजिला मकान साथ के मकान के ढांचे पर गिर गया। इस घटना में आठ बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। मलवनी इलाके में अब्दुल हमीद रोड के न्यू क्लेक्टर कम्पाउंड में बुधवार देर रात यह हादसा हुआ।
खबर मिलते ही दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों के कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव और तलाश अभियान शुरू किया। घायल हुए सात लोगों में एक की हालत गंभीर है। मलबे से निकाले गए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तब हुआ जब मकान पास ही बने एक मंजिला ढांचे पर गिर गया। इससे पास बनी तीन मंजिला इमारत भी हिल गई।
उधर मुंबई में बुधवार को मानसून ने दस्तक दी थी, जिसके बाद से मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। मानसून की पहली बारिश में ही मुंबई की हालत काफी खराब हो गई है। मौसम विभाग ने आज भी रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।
मुम्बई में भारी बारिश की वजह से समुद्र में हाई टाइड की चेतावनी भी जारी की गई है। रेलवे ट्रैक भी पानी से डूब गए हैं, जिसकी वजह से रेलवे ने भी अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर कुछ स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेन सेवाओं को भी निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमान सेवाओं को भी रोक दिया गया था।