हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों के लिए कांग्रेस और भाजपा ने क्रमशः 46 और 62 नामों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया है जबकि कांग्रेस ने अपने सभी प्रमुख लोगों को टिकट दिए हैं। दोनों ही दलों ने अपने कुछ विधायकों के टिकट काटे हैं।
सत्तारूढ़ भाजपा ने देर रात अपनी सूची जारी की। पहली सूची में उसने 62 हलकों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पार्टी ने सिराज से फिर टिकट दिया है। यह माना जाता है कि जयराम गृह जिले मंडी में चुनौती झेल रहे हैं। पार्टी ने दिग्गज नेता प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया है।
जानकारों के मुताबिक पार्टी को इसका नुकसान झेलना पड़ सकता है, क्योंकि धूमल का हिमाचल में व्यापक जनाधार है। उनके बेटे अनुराग ठाकुर केंद्र में मंत्री हैं जबकि दूसरे बेटे अरुण धूमल पिछले कल ही बीसीसीआई के चुनाव में आईपीएल के चेयरमैन बनाये गए हैं। पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती को भी पार्टी ने मैदान में उतारा है।