
नई दिल्ली। बिहार और मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद भाजपा नेतृत्व की बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी भेंट कर संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, केंद्र-राज्य समन्वय और आगामी योजनाओं पर बातचीत हुई। वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ हुई बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री योगी की यह दिल्ली यात्रा ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनावों के नतीजों के बाद भाजपा शीर्ष नेतृत्व लगातार समीक्षा बैठकों में जुटा है। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को आगामी चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और केंद्र-राज्य समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। हालांकि, दोनों बैठकों के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी शनिवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी की दिल्ली यात्रा को भाजपा के भीतर जारी रणनीतिक मंथन का हिस्सा माना जा रहा है।
