
चार घंटे और ओवरनाइट स्टे का विकल्प; 24 घंटे डाइनिंग, शॉवर, वर्कस्टेशन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध, गुवाहाटी एयरपोर्ट पर भी खुलेगा दूसरा स्वर्ल होटल
मुंबई: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) पर यात्रियों के लिए ट्रांजिट स्टे की सुविधा शुरू हो गई है। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 में 80 कमरों वाला स्वर्ल ट्रांजिट होटल लॉन्च किया है। होटल को खास तौर पर लंबी फ्लाइट लेओवर, देर रात पहुंचने, सुबह की उड़ान और कम अवधि के ठहराव वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
चार घंटे से लेकर ओवरनाइट स्टे तक का विकल्प
स्वर्ल ट्रांजिट होटल टर्मिनल-1 के अराइवल्स लेवल पर दो मंजिलों में बनाया गया है। यात्रियों को चार घंटे या रातभर रुकने का विकल्प मिलेगा। होटल में शॉवर सुविधा, 24 घंटे डाइनिंग, वाई-फाई और काम करने के लिए समर्पित जगह जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
होटल में कुल 80 कमरे हैं, जिन्हें छह कैटेगरी में बांटा गया है। इनमें सुपीरियर सिंगल, सुपीरियर डबल, सुपीरियर ट्विन, सुपीरियर एक्सेसिबल, जूनियर सुइट और एग्जीक्यूटिव सुइट शामिल हैं। कमरों का आकार 130 से 410 वर्ग फुट तक है।
मेहमानों को स्मार्ट टीवी, हाई-स्पीड वाई-फाई, वर्कस्टेशन, इलेक्ट्रॉनिक सेफ, चाय-कॉफी की सुविधा, बेड और बाथ लिनेन तथा टॉयलेटरीज भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा एक्सप्रेस लॉन्ड्री, कंसीयर्ज सेवा, 24 घंटे हाउसकीपिंग, पिक-अप और ड्रॉप तथा वेक-अप कॉल जैसी सेवाएं भी होटल में होंगी।
होटल में 40 लोगों की क्षमता वाला 24 घंटे चलने वाला ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट भी है। इसके साथ राउंड-द-क्लॉक इन-रूम डाइनिंग और ग्रैब-एंड-गो विकल्प उपलब्ध होंगे।
गुवाहाटी में भी खुलेगा स्वर्ल ट्रांजिट होटल
एएएचएल के मुताबिक, स्वर्ल ट्रांजिट होटल की अगली इकाई गुवाहाटी के लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एलजीबीआईए) पर विकसित की जाएगी। टर्मिनल-2 के अराइवल्स क्षेत्र के एयरपोर्ट-सिक्योर्ड जोन में 21 कमरों वाला यह होटल प्रस्तावित है।
गुवाहाटी की इकाई में यात्रियों को आवरली और ओवरनाइट स्टे का विकल्प मिलेगा। इसे ट्रांजिट यात्रियों, लंबे इंतजार वाले आगमन या प्रस्थान यात्रियों और बिजनेस यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। यहां वर्कस्टेशन और मीटिंग के लिए उपयुक्त जगह भी होगी।
एयरपोर्ट पर बढ़ रही गैर-एविएशन सेवाएं
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 25 दिसंबर 2025 से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू किया था और 29 जुलाई 2026 को अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू हुआ। स्वर्ल ट्रांजिट होटल को एयरपोर्ट पर विकसित की जा रही पैसेंजर और नॉन-एरोनॉटिकल सर्विसेज का हिस्सा बताया गया है।
एएएचएल के सीईओ (नॉन-एयरो बिजनेस) सुचित बंसल ने कहा कि स्वर्ल ट्रांजिट होटल एयरपोर्ट परिसर के भीतर यात्रियों को आराम करने, काम करने और फ्रेश होने की सुविधा देता है। कंपनी के मुताबिक, भविष्य में इस मॉडल को उसके नेटवर्क के दूसरे एयरपोर्ट्स तक ले जाने की संभावना है।
कंपनी के अनुसार, एएएचएल मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलुरु, जयपुर, गुवाहाटी, तिरुवनंतपुरम और नवी मुंबई समेत आठ एयरपोर्ट संचालित करता है।



