बेलगावी में संपन्न हुई RSS की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक, राम मंदिर दानपेटी अनियमितता पर जताया दुख

बेलगावी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार को कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हो गई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से कुल 226 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ वर्तमान राष्ट्रीय विषयों और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानपेटी की गिनती में सामने आई कथित अनियमितताओं पर भी चर्चा हुई।

बैठक में मार्च 2026 के बाद आयोजित संघ के प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की गई। संघ के अनुसार, इस वर्ष देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें कुल 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषय शामिल रहे।

संघ नेतृत्व ने शाखा विस्तार, शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। सितंबर महीने में अधिकतम शाखा विस्तार अभियान चलाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। साथ ही शताब्दी वर्ष के दौरान संपर्क में आए लोगों को सामाजिक कार्यों और ‘पंच परिवर्तन’ अभियान से जोड़ने की योजना पर भी मंथन हुआ। वर्ष 2026-27 के लिए सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जनगणना, जनसांख्यिकीय असंतुलन, नशे के बढ़ते प्रभाव और समाज में जागरूकता जैसे समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के अंत में संघ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दानपेटी में चढ़ावे की गिनती के दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं पर दुख व्यक्त किया। संघ ने विश्वास जताया कि तीर्थक्षेत्र न्यास के अनुरोध पर गठित एसआईटी और पुलिस की जांच निर्णायक चरण तक पहुंचेगी। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से अपेक्षा की कि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो जिससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचे।