तहलका डेस्क।
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए ‘वोट चोरी’ के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि देश में आज निष्पक्ष तरीके से लोकसभा चुनाव करा दिए जाएं, तो भारतीय जनता पार्टी 140 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के शब्दों में ही बात करें तो उनके 240 सांसदों में से हर छठा सांसद और हरियाणा की पूरी सरकार ‘घुसपैठिया’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को अपने नियंत्रण में लेकर मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ किया है।
राहुल गांधी का यह हमला असम और पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद आया है, जहां उन्होंने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर चुनाव चुराने का आरोप मढ़ा है। कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि भाजपा को केवल सच्चाई से डर लगता है, क्योंकि हेरफेर के बिना उनकी चुनावी ताकत बेहद सीमित है।




