एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने पेपर लीक पर सख्ती का दिया संदेश, भविष्य में अभेद्य परीक्षा प्रणाली पर जोर

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों का कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मार्गदर्शन किया और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बैठक में कहा कि पेपर लीक की जानकारी सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की, जिसके तहत 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोबारा परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित कराई गई और बिना किसी देरी के परिणाम भी घोषित किए गए।

प्रधानमंत्री ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कड़े कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी संबंधित संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से एक ऐसी अभेद्य परीक्षा प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

किरेन रिजिजू ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों से संसद के मानसून सत्र के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।