
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 12 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सांसदों की एक भव्य तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। रैली का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सुबह 8 बजे भारत मंडपम से करेंगे। यह रैली मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम तक जाएगी और राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति तथा जनभागीदारी का संदेश देगी।
यह बाइक रैली ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का प्रमुख आकर्षण होगी। अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे देश में चल रहा है और इस वर्ष इसका विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। रैली में विभिन्न दलों के सांसद शामिल होंगे और वे तिरंगा लेकर दिल्ली की सड़कों पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान का उद्देश्य इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन, प्रदर्शनी और अन्य देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना और केंद्रीय सशस्त्र बलों के बैंड 8 से 15 अगस्त तक देश के विभिन्न शहरों में विशेष प्रस्तुतियां दे रहे हैं।
संस्कृति मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे 9 से 17 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, अभियान में भाग लें और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ को आधिकारिक पोर्टल पर साझा कर राष्ट्रोत्सव का हिस्सा बनें। अभियान का समापन 17 अगस्त को नई दिल्ली में एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम के साथ होगा।
