‘मुझे मर्दों से नफरत है’, पिता और भाई को लेकर भी दिए विवादित बयान, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में मिला जीरो

मुंबई: कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ का एक ऑडिशन सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बन गया है। शो में बिहार की शिक्षिका और कंटेंट क्रिएटर साक्षी झा ने खुद को “मैन हेटर” (पुरुषों से नफरत करने वाली) बताया और मंच पर कई विवादित बयान दिए, जिसके बाद उन्हें जजों और दर्शकों की कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा।

ऑडिशन के दौरान साक्षी ने कहा कि उन्हें पुरुषों से नफरत है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उनकी शादी हुई तो वह अपने पति को बेल्ट से पीटना चाहेंगी। उन्होंने अपने पिता और भाई जैसे परिवार के पुरुष सदस्यों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उनके इन बयानों से जज और दर्शक हैरान रह गए।

कंटेस्टेंट की प्रस्तुति खत्म होने के बाद शो के सभी जजों ने उन्हें शून्य अंक (Zero Score) दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्शकों ने भी उनकी बातों का समर्थन नहीं किया। यह शो के सबसे चर्चित और विवादित ऑडिशनों में से एक बन गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी साक्षी झा को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने उनके बयान को ‘टॉक्सिक फेमिनिज्म’ बताते हुए आलोचना की, जबकि कुछ लोगों ने इसे केवल एक स्टैंड-अप कॉमेडी एक्ट और व्यंग्य के रूप में देखने की बात कही। इस घटना ने हास्य, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लैंगिक विमर्श की सीमाओं पर नई बहस छेड़ दी है।