प्रिया तिवारी
अंग्रेजी को लेकर छेड़ी जुबानी जंग
बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत अपने बेबाक अंदाज और स्टाइल को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अब एक बार फिर कंगना का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है, जिसमें उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके पर निशाना साधा है। कंगना ने उनके अंग्रेजी बोलने के अंदाज पर तंज कसा है।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रील शेयर की, जिसमें उनके और अभिजीत दिपके के अंग्रेजी बोलने वाले वीडियो को आमने-सामने रखा गया है। इस रील में दोनों की पढ़ाई और अंग्रेजी बोलने के अंदाज की तुलना करते हुए लिखा गया “12वीं पास कंगना रनौत vs बॉस्टन यूनिवर्सिटी के CJP दिपके। एक फायर है, दूसरे को रीबूट की जरूरत है।”
कंगना ने अंग्रेजी बोलने के अंदाज पर कसा तंज
वायरल हो रही इस रील में अभिजीत दिपके अंग्रेजी में बोलते हुए बीच-बीच में रुकते और सोचते नजर आ रहे हैं। वहीं, कंगना रनौत का वीडियो उनकी फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने के अंदाज को दिखाता है। इसी तुलना के जरिए कंगना ने दीपके की अंग्रेजी पर कटाक्ष किया है।
अभिजीत दिपके ने खुद बताई थी झिझक की वजह
कंगना का यह पोस्ट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ दिन पहले खुद अभिजीत दिपके ने अपनी अंग्रेजी को लेकर बात की थी। एक इंस्टाग्राम Q&A सेशन के दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह अंग्रेजी बोलते समय इतना हिचकिचाते क्यों हैं, तो दिपके ने जवाब दिया था कि वह कैमरे के सामने थोड़ा असहज महसूस करते हैं।
दोनों के बीच जुबानी जंग की एक और कड़ी
अब कंगना के इसी पोस्ट को उनके और अभिजीत दिपके के बीच चल रही जुबानी जंग की एक और कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों के बीच पहले भी कई मौकों पर बयानबाजी हो चुकी है। हालांकि, कंगना की इस ताजा पोस्ट पर फिलहाल अभिजीत दिपके की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




