दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के हलगोया गांव के पास हुआ। हरियाणा के सोनीपत जिले के बहादुरगढ़ निवासी परिवार हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान उनकी टाटा टियागो कार एक्सप्रेसवे पर पीछे की ओर रिवर्स हो रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर से टकराते हुए उछल गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी पलट गई। सीसीटीवी फुटेज में दुर्घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।

मृतकों की पहचान चरण सिंह, उनकी पत्नी सुदेश, बहू प्रीति और पोते शिवांश के रूप में हुई है। वहीं, प्रवीण, साहदेव और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।