
श्रीनगर: पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 शुक्रवार को ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ शुरू हो गई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। श्रद्धालु पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग के जरिए पवित्र गुफा तक पहुंच सकेंगे। यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है।
अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, “समस्त शिवभक्तों को पावन-पुनीत श्री अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ की अनंत शुभकामनाएं! बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन की यह यात्रा आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। जय बाबा बर्फानी! वाग्बुद्धिचित्तकरणैश्च तपोभिरुग्रैः शक्यं समाकलयितुं न यदीयरूपम्। तं भक्तिभावसुलभं शरणं नतानां नित्यं भजाम्यऽमरनाथमहं दयालुम्॥”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “सनातन आस्था के महापर्व श्री अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ आज से हो रहा है। इस पुण्य यात्रा पर जाने वाले समस्त शिवभक्तों को हृदय से बधाई। बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन हों, सभी का जीवन सुख, शांति और कल्याण से परिपूर्ण हो, यही प्रार्थना है। जय बाबा अमरनाथ।”
हर वर्ष लाखों श्रद्धालु हिमालय की ऊंची पर्वतमालाओं के बीच स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का उत्साह इस बार भी देखने को मिल रहा है।



