लखनऊ से दुखद खबर: Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक का निधन

Prateek Yadav Sudden Death: मुलायम कुनबे में शोक की लहर: मुख्यमंत्री योगी और अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया...लखनऊ के सिविल अस्पताल में ली अंतिम सांस, अचानक बिगड़ी थी तबीयत, 38 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत की असली वजह का राज…

राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक ने दुनिया को कहा अलविदा, शोक में डूबे समर्थक…File Photo
राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक ने दुनिया को कहा अलविदा, शोक में डूबे समर्थक…File Photo

तहलका डेस्क।

नई दिल्ली/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कद्दावर राजनीतिक परिवार और समाजवादी पार्टी के कुनबे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अनुज प्रतीक यादव का आज, 13 मई को लखनऊ में निधन हो गया।

महज 38 वर्ष की आयु में उनके इस तरह चले जाने से राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार के प्रशंसकों में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत बीती रात अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में राजधानी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उनका निधन हो चुका था।

फिलहाल उनकी मृत्यु के सटीक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिसकी पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। जहां उनके बड़े भाई अखिलेश यादव राजनीति के शिखर पर हैं, वहीं प्रतीक ने स्वयं को सक्रिय राजनीति से दूर रखा था। वह मुख्य रूप से अपने रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस पर ध्यान केंद्रित करते थे।

हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में एक प्रखर चेहरा हैं और वर्तमान में वह राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

प्रतीक के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ के सिविल अस्पताल में उनके करीबियों, विभिन्न दलों के नेताओं और समर्थकों का तांता लगना शुरू हो गया है। परिवार के इस कठिन समय में प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

CM Yogi और Akhilesh Yadav ने जताया शोक  

लखनऊ। अखिलेश यादव ने अपने भाई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने संदेश में इसे ‘बेहद दुखद’ करार दिया। वहीं, समाजवादी पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक शोक संदेश में कहा, ‘ प्रतीक यादव का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि! ‘

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति! ‘