आरक्षण सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन, कनॉट प्लेस में 300 लोग जुटे; 20 से ज्यादा हिरासत में

नई दिल्ली: दिल्ली के कनॉट प्लेस में रविवार को करीब 300 लोग आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और सरकारी सहायता में आर्थिक मानदंड को भी महत्व देने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में क्रीमी लेयर का मानदंड लागू करना और आरक्षण नीतियों की समीक्षा शामिल रही। कुछ प्रदर्शनकारियों ने UGC के नियमों और SC/ST अत्याचार निवारण कानून की भी समीक्षा की मांग उठाई।

बिना अनुमति जुटे प्रदर्शनकारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाया और 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन आरक्षण के पूरी तरह विरोध में नहीं, बल्कि आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर है। उनका तर्क है कि सरकारी सहायता और अवसरों में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

सोशल मीडिया के जरिए आंदोलन

यह प्रदर्शन सोशल मीडिया के जरिए चलाए जा रहे ‘Reservation Hatao Andolan’ अभियान से जुड़ा बताया जा रहा है। इससे पहले 21 अगस्त को भी इसी अभियान से जुड़े लोग जंतर-मंतर पहुंचे थे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के कारण दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वैकल्पिक स्थल के रूप में रामलीला मैदान जाने को कहा था। हालांकि, कई प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर ही मौजूद रहे थे।

रविवार को कनॉट प्लेस में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने भीड़ को मौके से हटा दिया। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था जारी रही।