सिद्धू मूसेवाला की मौत पर कांग्रेस नाराज कहा, यह एक ‘राजनीतिक हत्या’

पंजाब में आप सरकार के सुरक्षा वापस लेने के एक दिन बाद ही हत्यारे की गोलियों का शिकार हुए कांग्रेस नेता और लोकप्रिय गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या को कांग्रेस ने ‘राजनीतिक हत्या’ करार दिया है। इस बीच मान सरकार ने हत्या की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।

मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार हत्या कर दी गयी थी। एक दिन पहले ही 423 अन्य लोगों के साथ उनकी सुरक्षा मान सरकार ने वापस ले ली थी। उनकी सुरक्षा कम करने को लेकर पंजाब में विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस, जिसके वे नेता थे, ने इसे ‘राजनीतिक हत्या’ करार दिया है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इसे बर्बर हत्या बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और इसे सोची समझी साजिश का हिस्सा बताया है। उधर मान सरकार ने हत्या की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।

मूसेवाला की हत्या मानसा जिले में गोली मारकर कर दी गई। इस घटना में तीन और लोग घायल हुए हैं। मूसेवाला और उनके दो दोस्त जब मानसा जा रहे थे कि उनकी एसयूवी पर गोलियों की बौछार कर दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल लोगों को मानसा अस्पताल में भर्ती किया गया है।

मूसेवाला जहाँ लोकप्रिय गायक थे वहीं वो काफी विवादों से भी घिरे थे। अकाली नेता विक्कू मिददुखेड़ा की हत्या की साज़िश का आरोप भी उनपर था। वो पिछले साल नवंबर में ही कांग्रेस में शामिल हुए थे और मनसा सीट से पार्टी की टिकट पर मैदान में उतरे थी, हालांकि आप के विजय सिंगला से हार गए थे, जिन्हें पिछले हफ्ते ही बतौर स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में सीएम मान ने मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया था।