यूपी के हाथरस में गैंगरेप, हैवानियत का शिकार लड़की की मौत, प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला

उत्तर प्रदेश के हाथरस में दो सप्ताह पहले गैंगरेप और हैवानियत का शिकार हुई 19 वर्षीय दलित लड़की की मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गयी। प्रताड़ना के दौरान लड़की को गंभीर चोटें लगी थीं और उसे दो हफ्ते अलीगढ़ अस्‍पताल में भर्ती रखने के बाद सोमवार को ही दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस बीच कांग्रेस की यूपी के प्रभारी प्रियंका गांधी ने इस लड़की से हुई ज्यादती पर योगी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। प्रियंका एकाध दिन में इस लड़की के परिवार से मिलने हाथरस भी जा रही हैं।

याद रहे लड़की के साथ 14 सितंबर को चार युवकों ने न केवल गैंगरेप किया बल्कि उसके साथ इतनी दरिंदगी की कि सुनकर रूह कांप उठे। आरोपियों ने उसकी जीभ काट डाली और उसकी गर्दन भी तोड़ दी। इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दलित युवती की मौत ने योगी सरकार को हिलाकर रख दिया है क्योंकि कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब हो चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। उन्होंने सीधी सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जवाबदेही है।

कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा – ‘हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।”

उधर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी ट्वीट करके इस घटना पर अफ़सोस जताया है। उन्होंने कहा कि वे यूपी के हाथरस में गैंगरेप के बाद दलित पीड़िता की आज हुई मौत की खबर बहुत दुखी हैं। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की है।

प्रियंका गांधी का ट्वीट –

Priyanka Gandhi Vadra
@priyankagandhi
Sep 29, 2020
हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। …यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है।अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।