मोदी सरकार के नए क़ानून किसानों के नहीं पूंजीपतियों के लिए : प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पांव जमाने में जुटीं पार्टी प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी किसानों के आंदोलन के तेज होते ही किसान महापंचायतों का आयोजन कर रही हैं और इसमें खूब संख्या में लोग जुट भी रहे हैं। प्रियंका ने ऐसी ही एक महापंचायत को आज बिजनौर के चांदपुर के रामलीला मैदान में में संबोधित किया और कहा कि तीन कृषि क़ानून किसानों के लिए नहीं बनाए गए हैं बल्कि पूंजीपतियों के लिए बनाए गए हैं। पने भाषण के बाद उन्होंने आंदोलन में शहीद होने वाले किसानों के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।

प्रियंका ने सीधे प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा कि देश का किसान टूट चूका है। विरोध के बाद भी सरकार ने क़ानून वापस नहीं लिए। किसानों से सिर्फ वादे हुए उनकी कोई मांग नहीं मानी गयी। प्रियंका ने कहा – ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो बार जनता ने चुना, क्योंकि उनसे लोगों को कुछ उम्मीद रही होगी। उन्होंने बार-बार रोजगार, किसानों की बात की, लेकिन अब उनके राज में कुछ नहीं हो रहा है।’

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि 2017 से राज्य में गन्ने का मूल्य ही नहीं बढ़ा। ‘पीएम मोदी ने किसानों का बकाया पूरा नहीं किया, लेकिन अपने लिए 16 हजार करोड़ हवाई जहाज खरीद लिए हैं। मोदी सरकार जो नए कानून लाई है, उससे उद्योगपति जमाखोरी कर सकते हैं।’

गांधी ने आगे कहा – ‘मोदी सरकार जो क़ानून लाई है उससे अब सरकारी मंडी में टैक्स लिया जाएगा। प्राइवेट मंडियों में एमएसपी मिलना ही बंद हो जाएगा। साथ ही फसल लेनी है या नहीं, वो उद्योगपति की मर्जी होगी। नए कानून से सिर्फ उद्योगपतियों का भला होगा और किसानों की कहीं पर सुनी ही नहीं जाएगी।’

प्रियंका ने कहा – ‘पीएम मोदी अमेरिका, चीन और पाकिस्तान जा सकते हैं, लेकिन दिल्ली में बैठे किसानों से नहीं मिल सकते हैं। पीएम ने किसानों का मजाक उड़ाया और उन्हें आंदोलनजीवी-परजीवी बताया। मोदीजी आप देशभक्त और देशद्रोही में फर्क नहीं पहचान पाए। जिन्होंने आपको सत्ता पर बैठाया है, उनका आदर कीजिए और इन कानूनों को वापस लीजिए। इस सरकार के कार्यकाल में किसान, गरीब की कमर तोड़ी गई और अमीरों की मदद की गई है।’

प्रियंका गांधी ने आंदोलन में जिन किसानों की मृत्यु हुई उनके लिए दो मिनट का मौन भी रखवाया। इससे पहले बिजनौर जाते हुए प्रियंका गांधी के स्वागत में कार्यकर्ताओं की हर जगह भीड़ रही। हापुड़ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी का जबरदस्त स्वागत किया।

बिजनौर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रियंका गांधी की रैली के लिए जोरदार तैयारी की थी। बता दें प्रियंका कांग्रेस पार्टी के साथ किसानों को कृषि कानूनों के खिलाफ जागरूक कर रही हैं। इस बहाने वे पार्टी संगठन को सक्रिय करने में सफल हो रही हैं।

याद रहे 10 फरवरी को गांधी ने सहारनपुर के चिलकाना में भी बड़ी किसान महापंचायत को संबोधित किया था। इसके अलावा उन्होंने मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन और रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह में जियारत की थी। इसके कुछ दिन बाद प्रियंका ने 11 फरवरी को मोनी अमावस्या के दिन संगम में डुबकी लगाई थी और खुद ही नाव चलकर किसणारे तक पहुँची थीं जिसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।

पार्टी के मुताबिक आज प्रियंका की बिजनौर महापंचायत में 20 हजार के करीब किसान पहुंचे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका की इस सक्रियता से भाजपा भी चौकन्नी दिख रही है क्योंकि लोगों का प्रियंका को ख़ासा समर्थन मिल रहा है। अभी तक यह चर्चा रही है कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए आगे कर सकती है लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका कांग्रेस की जीत होने की सूरत में उत्तर प्रदेश के नेताओं में से ही किसी को सीएम पद देने के हक़ में हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय और विधायक अजय लल्लू पूरी ताकत से पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटे हुए हैं।