महंगाई पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहा देश

सरकार ने बुधवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शाम को एक प्रेस कांफ्रेंस करके मोदी सरकार पर बढ़ती महंगाई को लेकर जबरदस्त हमला बोला है। गांधी ने कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है और इसकी सबसे ज्यादा मार आम आदमी पर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा   हैरानी की बात यह है कि जो पैसा यह (सरकार) जनता की जेब से ले रही है वह जा कहाँ रहा है।
एआईसीसी मुख्यालय में हुई इस प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी – ‘एक तरफ डिमोनेटाइजेशन है और दूसरी तरफ मोनेटाइजेशन। किसानों, मध्यम वर्ग, गरीबों और छोटे किसानों का डिमोनेटाइजेशन हो रहा है। मोनेटाइजेशन सिर्फ सरकार के चार-पांच दोस्तों का भला हो रहा है।’
राहुल ने कहा कि जब वे (भाजपा) सत्ता में आए थे तो कहते थे कि पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम बढ़ रहे हैं। अब देखिए गैस और बाकी सबके दाम आसमान छू रहे हैं। कांग्रेस नेता – ‘ महंगाई बढ़ने से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। तेल की कीमतें बढ़ने से सीधे लोगों पर असर पड़ रहा है।’ उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा   हैरानी की बात यह है कि जो पैसा यह (सरकार) जनता की जेब से ले रही है वह जा कहाँ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जीडीपी का मतलब है कि गैस, डीजल और पेट्रोल। उन्होंने कहा – ‘जीडीपी में बढ़ोतरी का मतलब है कि इनके चीजों के दाम में बढ़ोतरी। साल 2014 के मुकाबले रसोई गैस की कीमत 116 फीसदी बढ़ी है। पेट्रोल के दाम 42 फीसदी बढ़े हैं और डीजल की कीमत में भी 55 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। रही सही कसर सरकार देश की संपत्तियों को बेचकर पूरा कर रही है।’
इससे पहले राहुल गांधी ने सुबह एक ट्वीट करके एलपीजी की कीमतें बढ़ने पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) के बढ़ते दामों को लेकर कहा कि देश अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहा है।
ट्वीट में कांग्रेस नेता ने कहा – ‘जनता को भूखे पेट सोने पर मजबूर करने वाला ख़ुद मित्र-छाया में सो रहा है। लेकिन अन्याय के खिलाफ देश एकजुट हो रहा है।’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने हैशटैग ‘भाजपा की लूट के खिलाफ भारत’ में चार महानगरों में जनवरी से लेकर अब तक, एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि की एक सूची भी साझा की है।