बिजपुर में ममता बनर्जी के काफिले पर पथराव का आरोप, कार पर फेंकी गई मिट्टी; टीएमसी ने भाजपा पर साधा निशाना

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर 24 परगना जिले के बिजपुर (कांचरापाड़ा) क्षेत्र में उनके काफिले पर हमला किया गया। ममता ने दावा किया कि उनकी कार पर बड़े पत्थर फेंके गए, मिट्टी उछाली गई और प्रदर्शनकारियों ने “चोर-चोर” के नारे लगाए।

ममता बनर्जी उस समय टीएमसी के दिवंगत कार्यकर्ता बीरजू केओट के परिवार से मुलाकात कर लौट रही थीं। रास्ते में प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। घटना के दौरान कार पर पत्थर, मिट्टी और अन्य वस्तुएं फेंके जाने की भी खबर है।

घटना के बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ। उन्होंने कहा कि यदि कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उन्हें गंभीर चोट लग सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।

टीएमसी ने इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया और इसे सुनियोजित हमला बताया। वहीं प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ममता बनर्जी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को भड़काने के उद्देश्य से पहुंची थीं।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब बीरजू केओट की कथित हिरासत में मौत को लेकर राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। टीएमसी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है।