नक़वी को नहीं मिला टिकट, भाजपा ने आजमगढ़ से निरहुआ को उतारा

तमाम अटकलों को झुठलाते हुए भाजपा ने अपने बड़े मुस्लिम चेहरे मुख्तार अब्बास नक़वी को लोकसभा उपचुनाव में भी टिकट नहीं दिया है। आजमगढ़, जहाँ से नक़वी को टिकट देने की चर्चा थी, वहां भाजपा ने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल निरहुआ को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने शनिवार को लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल निरहुआ जबकि रामपुर से घनश्याम लोधी को प्रत्याशी बनाया है। आंध्र प्रदेश में आत्मूकर से गुंदलपल्ली भरत कुमार, त्रिपुरा में टाउन बोरदोवली से प्रो. माणिक साह, अगरतला से डॉ. अशोक सिंहा, सुरमा से स्वप्न दास पॉल, जुबराजनगर से मालिना देबनाथ को टिकट दिया है।

राजधानी दिल्ली के राजिन्दर नगर से भाजपा ने राजेश भाटी, झारखंड में मंदर से गंगोत्री कुजुर को उम्मीदवार बनाया है। मुख्तार अब्बास नक़वी को इससे पहले भाजपा ने राज्यसभा का टिकट भी नहीं दिया था।

आजमगढ़ से टिकट पाने वाले भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि इस बार विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा, जिससे आजमगढ़ में बदलाव आएगा।