नागरिकता क़ानून के खिलाफ अब दिल्ली के सीलमपुर में प्रदर्शन, हिंसा

जामिया में हुई हिंसा के बाद मंगलवार दोपहर राजधानी दिल्ली के ही सीलमपुर इलाके में नागरिकता संशोधन क़ानून के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए। वहां अभी भी भीड़ जुटी हुई है। पहले पुलिस ने सड़क क्लियर करवा ली थी लेकिन दोबारा प्रदर्शनकारी  वहां इक्कट्ठे हो गए। कुछ जगह आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ की खबर है।

दरियागंज इलाके में भी कुछ लोग जमा हुए हैं और वहां ट्रैफिक को दूसरे मार्ग पर बदला गया है। पूरे इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। छह मेट्रो स्टेशन दिल्ली भर में बंद किए गए हैं।  पुलिस का कहना है कि उसने किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है। सीलमपुर में मेट्रो शाम पोने छह बजे बहाल कर दी गयी है।

जानकारी के मुताबिक कुछ जगह हिंसा हुई है। प्रदर्शनकारियों ने कुछ जगह आगजनी की और जाफराबाद थाने के पास उन्होंने एक शौचालय को आग के हवाले कर दिया। कई जगह वाहनों में तोड़फोड़ हुई है। जाफराबाद मार्ग पर एक पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ हुई है।

सीलमपुर इलाके में बड़ी संख्या में लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया और मांग की कि नए नागरिकता कानून को वापस लिया जाए। प्रदर्शन के दौरान कई गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। पथराव में कुछ पुलिसवाले और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि उसने किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है।

इलाके में बसों में तोड़फोड़ हुई है साथ ही पुलिस पर पथराव भी हुआ है। प्रदर्शन  देखते हुए दिल्ली में छह मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। वहां एंट्री और एग्जिट दोनों बंद है। जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद किए गए हैं। इसके अलावा वेलकम, गोकुलपुरी, शिव विहार और जौहरी एन्क्वेव मेट्रो स्टेशन भी बंद हैं। वहां मेट्रो ट्रेन नहीं रुक रही।