दक्षिण अफ्रीका में बाढ़ से 400 की मौत, 40 हजार से ज्यादा लोग बेघर

दक्षिण अफ्रीका की व्यस्ततम बंदरगाहों में एक डरबन में बाढ़ में 40,000 से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं जबकि 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने इसे देखते हुए देश में ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करते हुए कई उपायों की घोषणा की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक  बाढ़ से प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी सेवाएं ठप पड़ गयी हैं जबकि कई सड़कें और पुल तबाह हो गए हैं। बाढ़ में तटीय प्रांत क्वाजुलु-नेटल प्रांत (केजेडएन) में 400 से अधिक लोगों की जान चली गयी है जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बाढ़ में  40,000 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं।

बाढ़ ने डरबन से पूरे देश में ईंधन लाइनों और खाद्य आपूर्ति को बाधित कर दिया है।  बचाव दल केजेडएन में उन लोगों की तलाश में जुटे हैं, जो हाल के दिनों में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन के कारण लापता हो गए थे।

राष्ट्रपति का कहना है कि संकेत हैं कि आसन्न प्रतिकूल मौसम की स्थिति अन्य प्रांतों को भी प्रभावित कर सकती है।  इसलिए राष्ट्रीय आपदा की स्थिति घोषित करना जरूरी था। बाढ़ से तबाह हुए बुनियादी ढांचे की मरम्मत का काम रक्षा बल को सौंपा गया है।