तमिलनाड हेलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन

तमिलडाडु में सीडीएस बिपिन रावत हेलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन हो गया है। इस हादसे में 14 लोगों में से बिपिन रावत सहित 13 लोगों की पहले ही मौत हो गयी थी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर शोक जताया है।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की मृत्यु की खबर आते ही देश में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत्यु पर राष्ट्रपति कोविंद ने ट्विटर पर पोस्ट किया – ”यह जानकर दुख हुआ कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने जीवन के लिए एक बहादुरी भरी लड़ाई लड़ने के बाद अंतिम सांस ली। हेलिकॉप्टर दुर्घटना में बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने वीरता और अदम्य साहस का परिचय दिया। राष्ट्र उनका आभारी है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

उधर पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा – ‘ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व और वीरता के साथ देश की सेवा की। उनके निधन से बेहद आहत हूं। राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उनके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। ओम शांति।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर कहा कि उनकी मृत्यु  से बहुत दुख पहुंचा। राष्ट्र उनकी सेवा को याद रखेगा। उनके परिवार को मेरी तरफ हार्दिक संवेदना। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। ‘ईश्वर वीर की आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करें। मै गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ओम शांति शांति शांति।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – ‘ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानने के बाद बड़ा दुख हुआ। वे एक सच्चे योद्धा थे, जो अंतिम सांस तक लड़ते रहे। मेरे विचार और गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कहा – ‘वरुण सिंह एक फाइटर थे। उनकी बहादुरी हमारे जवानों को प्रेरित करती रहेगी। मेरी संवेदनाएं परिजनों के साथ है।  उनके दुख में पूरा देश भागीदार है।’