जौनपुर में भगवान जगन्नाथ का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकों ने किया स्वस्थ घोषित

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित श्री जगन्नाथ धाम रसमंडल में परंपरा के अनुसार मंगलवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्नान पूर्णिमा के बाद पिछले 15 दिनों से ‘अनासार’ (विश्राम काल) में विराजमान भगवान का जनपद के वरिष्ठ चिकित्सकों के दल ने परीक्षण किया और उन्हें स्वस्थ घोषित किया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, ज्येष्ठ पूर्णिमा पर विशेष स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा अस्वस्थ हो जाते हैं। इसी कारण आषाढ़ कृष्ण प्रतिपदा से अमावस्या तक भगवान विश्राम करते हैं और इस दौरान उनके दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहते हैं। इस अवधि में उन्हें औषधीय गुणों से युक्त काढ़े का भोग लगाया जाता है।

मंगलवार को आयोजित पारंपरिक स्वास्थ्य परीक्षण में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने भगवान का परीक्षण किया। परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ घोषित किया। मंदिर प्रशासन के अनुसार, बुधवार को भगवान को परवल के जूस का भोग अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 जुलाई को राजसी खिचड़ी का भोग लगाकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा भव्य रथयात्रा पर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मंदिर के मुख्य अर्चक, रथयात्रा समिति के पदाधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन ने बताया कि रथयात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।