
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ट्रस्ट की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। यह नियुक्ति मंदिर के प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन को अधिक पेशेवर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
ट्रस्ट के अनुसार, आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक हो तथा प्रशासन, वित्त, कॉर्पोरेट प्रबंधन या बड़े संस्थानों के संचालन का कम से कम 20 वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। मंदिर प्रबंधन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आवेदक आस्थावान हिंदू और भगवान श्रीराम के भक्त होने चाहिए।
ट्रस्ट ने बताया कि चयनित CEO मंदिर के दैनिक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, कर्मचारियों की देखरेख, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। CEO सीधे ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेंगे। वेतन और अन्य सुविधाएं चयनित उम्मीदवार से चर्चा के बाद तय की जाएंगी।
आवेदन ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद सर्च कमेटी सभी आवेदनों की जांच करेगी और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर अंतिम नाम ट्रस्ट के समक्ष भेजेगी। ट्रस्ट का लक्ष्य जल्द से जल्द CEO की नियुक्ति कर मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करना है।
