जनता मंहगाई से त्रस्त है, मोदी सरकार टैक्स वसूली में मस्त है: श्रीनिवास बी वी 

भारतीय युवा कांग्रेस ने आज देश में लगातार बढ़ती मंहगाई, रसोई गैस सिलेंडर के दामों और पेट्रोल डीजल की कीमतों के खिलाफ पेट्रोलियम मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, गैस सिलेंडर के दाम भी ₹1000 के पार जाने को तैयार हैं। इसी तरहा पेट्रोल डीजल की कीमतों में भी आग लगी हुई है। महंगाई आसमान से भी ऊपर जा रही है और सरकार गरीब जनता की पुकार सुनने को तैयार नहीं है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्रीनिवास बी वी ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम में फिर ₹25 की बढ़ोतरी हुई है, इसके साथ ही राजधानी दिल्‍ली में एलपीजी सिलेंडर का भाव अब ₹884.50 हो गया है। रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि कर जनता को किस बात की सजा दे रही है मोदी सरकार? गैस सिलेंडर के दामों में ₹190 तक की बढ़ोतरी हुई है। देश और देशवासियों के लिए काफी महंगी पड़ी है मोदी सरकार। पड़ोसी देशों के मुकाबले भारत में पेट्रोल और डीजल सबसे ज्यादा महंगा है, और मोदी जी कह रहे है की देश बदल रहा है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी ने यह भी कहा कि देश पर जो मुसीबतों का पहाड़ टूटा है, उसकी जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ मोदी सरकार और उसकी देश विरोधी नीतियां ही हैं। आम आदमी को मुसीबत में डालकर अपना खजाना भरने वाले लोग ये बात भूल गए हैं कि बहुत जल्द इन्हें भी जनता की अदालत में जाना है।

यही है मोदीजी का अच्छे दिनों का वादा। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने ‘जनलूट कार्यक्रम’ के तहत तेल टैक्स में वृद्धि कर जनता के साथ लूट की है। इस लूट के बाद भी जनता के हिस्से में सिर्फ खोखले वादे हैं, मोदी सरकार जनता को लूटना बंद करे।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा कि मनमोहन सरकार के मुकाबले मोदी सरकार के दौरान गैस सिलेंडर के दामों में दोगुने से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है। अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को महंगाई के कुचक्र में फंसाया जा रहा है। लेकिन सरकार पर इन सब बातों से कोई फर्क पड़ता हुआ नहीं दिख रहा है। अगर थोड़ा सा भी फर्क पड़ता तो जनता पर इस तरह के जुल्म नहीं करती।

इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और दिल्ली प्रभारी भईया पवार, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रणविजय सिंह लोचव, समेत अनेकों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में कई युवा कांग्रेस के साथियों को पुलिस ने डिटेन कर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन लेकर गई।